महाराजा रणजीत सिंह पर बन रही भव्य बायोपिक, पर्दे पर दिखेगा 'शेर-ए-पंजाब' का सफर
क्या है खबर?
19वीं सदी के महान सिख शासक और 'शेर-ए-पंजाब' के नाम से मशहूर महाराजा रणजीत सिंह पर एक भव्य फिल्म बनने जा रही है। इस बायोपिक के लिए 'कथा स्टूडियोज' और 'B4 मेकर्स स्टूडियोज' ने हाथ मिलाया है, जिसकी शूटिंग 2027 में शुरू होगी। इस ऐतिहासिक फिल्म में महाराजा रणजीत सिंह के जीवन सफर, एक नेता के रूप में उनकी बहादुरी और इतिहास पर छोड़ी गई उनकी अमिट छाप को दिखाया जाएगा, ताकि हर उम्र के दर्शक इससे जुड़ सकें।
स्तर
महाराजा रणजीत सिंह के बड़े कद के साथ न्याय करेगी ये भव्य फिल्म
'कथा स्टूडियोज' के संस्थापक शिबाशीष सरकार ने कहा, "महाराजा रणजीत सिंह जी का जीवन और उनकी विरासत फिल्म बनाने के लिए एक बेहतरीन कहानी है। उनके सफर, नेतृत्व और इतिहास में दिए गए योगदान को उनके बड़े कद के हिसाब से ही दिखाया जाना चाहिए। 'B4 मेकर्स स्टूडियोज' के साथ मिलकर हमारा मकसद एक ऐसी शानदार फिल्म बनाना है, जो इतिहास के इस खास हिस्से को दर्शकों के सामने दमदार और यादगार तरीके से पेश करे।"
कहानी
अब तक टीवी पर ही सिमटी रही है महाराजा रणजीत सिंह की कहानी
महाराजा रणजीत सिंह ने सिख साम्राज्य की नींव रखी थी और 1839 में अपने निधन तक लगभग 4 दशकों तक लाहौर से शासन किया। अब तक उनकी कहानी ज्यादातर टीवी पर ही दिखाई गई है।
अभिनेता और राजनेता राज बब्बर का शो 'महाराजा रणजीत सिंह' 2010 से 2011 तक दूरदर्शन पर प्रसारित हुआ था, वहीं 2017 में लाइफ ओके पर शो 'शेर-ए-पंजाब: महाराजा रणजीत सिंह' आया था, जिसमें दमनप्रीत सिंह ने मुख्य भूमिका निभाई थी।
कोशिश
बड़े पर्दे पर महाराजा रणजीत सिंह की कहानी लाने के पहले भी हो चुके प्रयास
बड़े पर्दे पर इस कहानी को लाने की कोशिशें धीमी रही हैं। राज बब्बर की फिल्म योजना ठंडे बस्ते में चली गई, जबकि बॉर्डर वाले जेपी दत्ता ने भी उन पर बायोपिक की तैयारी की थी।
2020 में गुनीत मोंगा की कंपनी ने खुशवंत सिंह के उपन्यास 'महाराजा इन डेनिम्स' के राइट्स खरीदे, जो खुद को महाराजा का पुनर्जन्म मानने वाले किशोर की कहानी है। उनके बेटे दलीप सिंह पर सतिंदर सरताज अभिनीत फिल्म 'द ब्लैक प्रिंस' बन चुकी है।