रणबीर कपूर को नितीश भारद्वाज की नसीहत- भले कुबेर का खजाना मिले, अब 'एनिमल' मत करना
क्या है खबर?
नितेश तिवारी की फिल्म 'रामायण' के ट्रेलर और इस भव्य सिनेमाई प्रयास की आम दर्शकों से लेकर फिल्मी हस्तियों तक, हर कोई जमकर तारीफ कर रहा है। 'महाभारत' में भगवान श्रीकृष्ण का यादगार किरदार निभाने वाले दिग्गज अभिनेता नितीश भारद्वाज ने भी सोशल मीडिया पर फिल्म की भव्यता, संगीत और विजुअल इफेक्ट्स की सराहना की। उन्होंने रणबीर कपूर और यश के अभिनय की तारीफ करते हुए 'रामायण' के वैश्विक स्तर पर छा जाने का विश्वास जताया।
दावा
'रामायण' को 100 प्रतिशत ऑस्कर का दावेदार मानते हैं नितीश
नितीश भारद्वाज ने 'रामायण' का ट्रेलर देखने के बाद इसकी जमकर तारीफ की और इसे भारतीय सिनेमा के लिए एक ऐतिहासिक मोड़ करार दिया।
उन्होंने विश्वास जताया कि इस फिल्म में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान और सराहना पाने का पूरा दम है। इसके साथ ही उन्होंने फिल्म निर्देशक नितेश तिवारी की दूरदर्शिता की भी सराहना की।
नमित मल्होत्रा को बधाई देते हुए नितीश ने इंस्टाग्राम पर लिखा, 'बेस्ट फॉरेन फिल्म के लिए 100 प्रतिशत ऑस्कर। नमित को बहुत-बहुत बधाई।'
सराहना
भारत का अगला नायाब तोहफा हैं नितेश तिवारी- नितीश
नितीश आगे लिखते हैं, 'सत्यजीत रे और शेखर कपूर के बाद नितेश तिवारी विश्व सिनेमा को भारत का अगला नायाब तोहफा हैं। प्रोडक्शन डिजाइन और DOP (कैमरा वर्क) के लिए दर्जनों पुरस्कार पक्के हैं। VFX और AI का इस्तेमाल करके एक बेहतरीन दौर को रचा गया है। भारतीय सिनेमा के साथ जुड़ने के लिए महान संगीतकार हांस जिमर का बहुत-बहुत धन्यवाद।'
पसंद
रणबीर-यश के मुरीद हुए नितीश भारद्वाज
नितीश ने रणबीर कपूर और यश के अभिनय की भी तारीफ की और रणबीर की तुलना रणवीर सिंह से की। यश का स्वागत करते हुए उन्होंने इसे वैश्विक सिनेमा करार दिया।
दिग्गज अभिनेता ने लिखा, 'रणबीर अब रणवीर की बराबरी पर खड़े हैं, ये दोनों अगले 2 ऐसे 'धुरंधर' हैं, जिन्हें हरा पाना नामुमकिन है। यश ग्लोबल सिनेमा में आपका स्वागत है।'
नितीश ने रणबीर को भविष्य में भी भारतीय संस्कृति को दर्शाने वाली भूमिकाएं चुनने की सलाह दी।
सुझाव
रणबीर को 'कृष्ण' नितीश भारद्वाज की तीखी सलाह
नितीश ने रणबीर को सलाह देते हुए लिखा, 'अब और 'एनिमल' नहीं, भले ही आपको कुबेर का खजाना ही क्यों न मिल जाए। कृपया अपनी वाणी को और प्रदूषित न करें। आपकी अभिनय क्षमता को संतुष्ट करने के लिए भारत के पास कहानियों की कोई कमी नहीं।'
नितीश ने उम्मीद जताई कि दर्शक साई पल्लवी को 'सीता' के रूप में दिल से स्वीकार करेंगे और फिल्म के संगीत में मृदंगम-मंजीरे के साथ तुलसीदास जी की चौपाइयां भी सुनने को मिलेंगी।