'दृश्यम 3' के डिजिटल प्रीमियर का रास्ता साफ, मद्रास हाईकोर्ट ने रोक लगाने से किया इनकार
क्या है खबर?
अजय देवगन की फिल्म 'दृश्यम: द कन्क्लूज' को अपनी OTT रिलीज के लिए बड़ी राहत मिली है। 17 नवंबर को, मद्रास हाई कोर्ट ने इसके डिजिटल प्रीमियर पर रोक लगाने वाली याचिका को खारिज कर दिया। अभिषेक पाठक द्वारा निर्देशित क्राइम-ड्रामा उस वक्त कॉपीराइट अधिकार के चलते कानूनी विवाद में फंस गई, जब राजकुमार थिएटर्स प्राइवेट लिमिटेड ने दावा किया कि उनके पास मूल मलयालम फिल्म के रीमेक के अधिकार हैं। आइए जानते हैं इससे जुड़ा पूरा मामला।
विवाद
'दृश्यम 3' की OTT रिलीज पर क्यों शुरू हुआ विवाद?
दिसंबर 2013 में, मलयालम 'दृश्यम' निर्माताओं (आशीर्वाद सिनेमाज और डायरेक्टर जीतू जोसेफ) ने 'वाइड एंगल क्रिएशंस' को हिंदी समेत अन्य उत्तर भारतीय भाषाओं में फिल्म के रीमेक, डबिंग, सीक्वल और प्रीक्वल बनाने के अधिकार दिए थे।
जून, 2014 में वाइड एंगल ने हिंदी रीमेक के लिए 'राजकुमार थिएटर्स' के साथ समझौता कर लिया।
हालांकि, बाद में अधिकारों में बदलाव हुआ और वाइड एंगल ने हिंदी रीमेक के अधिकार 'वायकॉम18' को दे दिए, जो अब 'स्टार स्टूडियो 18' के पास हैं।
समझौता
हिंदी रूपांतरण के लिए हुआ नया समझौता
विवाद तब बढ़ गया, जब नवंबर, 2025 में आशीर्वाद सिनेमाज और जीतू जोसेफ ने 'पैनोरमा स्टूडियोज' के साथ मिलकर हिंदी रूपांतरण के लिए एक नया समझौता कर लिया।
राजकुमार थिएटर्स ने इसी समझौते को चुनौती देते हुए कोर्ट का रुख किया और दावा किया कि हिंदी रीमेक और आगे के भागों के अधिकार पहले से उसके पास हैं।
उन्होंने सिनेमाघर, टीवी और OTT पर इसकी रिलीज को रोकने की मांग की थी, लेकिन कोर्ट ने उनकी अर्जी खारिज कर दी।
फैसला
कोर्ट ने 'दृश्यम 3' के हक में सुनाया फैसला
राजकुमार थिएटर्स ने बाद में एक कमर्शियल केस फाइल किया और एक बार फिर फिल्म के वितरण पर रोक लगाने की मांग की, जिसमें OTT प्रीमियर भी शामिल था।
हालांकि, जस्टिस पीबी बालाजी ने नई याचिका को यह कहते हुए खारिज कर दिया कि पहले की रोक की अर्जी फाइनल हो गई थी।
कानूनी अड़चन दूर होने के बाद 'दृश्यम 3' की OTT रिलीज का रास्ता साफ हो गया है और यह जल्द डिजिटल प्रीमियर पर दस्तक दे सकती है।