माधुरी दीक्षित ने बेचा अपना ऑफिस, जानिए हुआ कितने करोड़ का मुनाफा
मनोरंजन
माधुरी दीक्षित ने रियल एस्टेट में बड़ा मुनाफा कमाया है। उन्होंने अंधेरी वेस्ट में अपनी ऑफिस की जगह 4.85 करोड़ रुपये में बेच दी है।
चौंकाने वाली बात यह है कि 18 साल पहले उन्होंने इसे सिर्फ 52.5 लाख में खरीदा था। इस सौदे की रजिस्ट्री 23 जून को हुई, जिसमें 3 पार्किंग स्पॉट भी शामिल हैं।
माधुरी ने लोअर परेल में 2.81 करोड़ की लीज पर ली जगह
यह ऑफिस स्पेस 1,594.24 वर्ग फुट की है, जिसे फ्रेम्स प्रोडक्शन कंपनी प्राइवेट लिमिटेड ने खरीदा है। माधुरी की रफ्तार तो कम नहीं हो रही है।
इसी साल मार्च में उन्होंने लोअर परेल में 5 साल के लिए एक नई व्यावसायिक जगह लीज पर ली है, जिसका कुल किराया 2.81 करोड़ रुपये होगा।
माधुरी उन बॉलीवुड सितारों में से हैं, जो अब फिल्मों के साथ-साथ व्यावसायिक संपत्तियों (कमर्शियल प्रॉपर्टी) में भी समझदारी से पैसा लगा रहे हैं। इससे उन्हें बेहतर रिटर्न और भविष्य की स्थिरता मिलती है।