LOADING...
माधुरी दीक्षित का ट्रोलर्स पर जोरदार पलटवार- उम्र बढ़ी है तो क्या डांस करना छोड़ दूंगी?
माधुरी दीक्षित ने ट्रोलर्स को दिया करारा जवाब

माधुरी दीक्षित का ट्रोलर्स पर जोरदार पलटवार- उम्र बढ़ी है तो क्या डांस करना छोड़ दूंगी?

Jun 17, 2026
12:55 pm

क्या है खबर?

बढ़ती उम्र और ढलते रूप को लेकर ट्रोल करने वालों को बॉलीवुड की 'धक-धक गर्ल' माधुरी दीक्षित ने बेहद संजीदा और करारा जवाब दिया है। उन्होंने साफ कहा है कि उम्र के साथ शरीर और चेहरे में बदलाव आना पूरी तरह से स्वाभाविक है, लेकिन वो लोगों के तानों की वजह से अपनी जिंदगी जीना या डांस करना नहीं छोड़ सकतीं। माधुरी ने जोर देकर कहा कि इंसान को वही करना चाहिए, जो उसे खुशी देता है।

दो टूक

उम्र का ताना मारने वालों को दिया ये जवाब

NBT से हालिया बातचीत में अपनी ढलती उम्र और डांस पर सवाल उठाने वालों को आड़े हाथों लेते हुए माधुरी ने कहा, "वक्त के साथ शरीर और चेहरे में बदलाव आना पूरी तरह स्वाभाविक है, लेकिन हमें लोगों के नजरिए के हिसाब से अपनी जिंदगी नहीं जीनी चाहिए। कुछ तो लोग कहेंगे, लोगों का काम है कहना, इसलिए इंसान को वही करना चाहिए, जिससे उसे सच्ची खुशी मिलती है। मैं अपनी जिंदगी अपने तरह से जीती हूं।"

ट्रोलिंग

बुरा लगता है, पर ट्रोलिंग को हावी नहीं होने देतीं माधुरी

माधुरी ने बताया कि उन्हें डांस से बेहद खुशी मिलती है, इसलिए वो उम्र और लोगों के तानों की परवाह किए बिना डांस करना जारी रखेंगी। उन्होंने ये भी माना कि कभी-कभार उन्हें ट्रोलर्स की बातों का बुरा लगता है, लेकिन वो इसे खुद पर इतना हावी नहीं होने देती कि उनकी जिंगगी प्रभावित हो जाए। माधुरी ने कहा कि वो अपने डांस को ही सबसे बड़ी एक्सरसाइज मानती हैं, जो उन्हें फिट और ऊर्जावान बनाए रखती है।

Advertisement

दो टूक

"मां भी एक इंसान है, उसे भी आराम का हक है"

फिल्म 'मां बहन' में 2 बेटियों की मां का किरदार निभा रहीं माधुरी ने समाज में मां की आदर्श छवि पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि मां को अक्सर इतने ऊंचे स्तर पर रख दिया जाता है कि उससे हमेशा परफेक्ट रहने की उम्मीद की जाती है, चाहे वो बीमार ही क्यों न हो। माधुरी ने कहा कि मां भी इंसान होती है, उसकी भी तबीयत खराब हो सकती है और उसे आराम करने का पूरा अधिकार मिलना चाहिए।

Advertisement

तारीफ

माधुरी ने नई पीढ़ी पर जताया गर्व

माधुरी ने पुरानी और नई पीढ़ी के कलाकारों में अंतर बताते हुए कहा कि उनके समय में कलाकार बिना अनुभव के सेट पर सीखते थे, जबकि आज की पीढ़ी पूरी तैयारी के साथ आती है। उन्होंने 'मां-बहन' में उनके साथ काम कर चुकीं अभिनेत्री धारणा दुर्गा की तारीफ की और कहा कि आज की लड़कियों को स्टैंड-अप करते देख अच्छा लगता है। साथ ही माधुरी ने तृप्ति डिमरी के अभिनय की सराहना की और नई पीढ़ी पर गर्व जताया।

Advertisement