मधुबाला ने कमाल अमरोही के सामने रखी थी बड़ी शर्त- पैसे लो और बीवी-बच्चों को छोड़ो
क्या है खबर?
अभिनेत्री मधुबाला का जीवन काफी दुखद रहा, जहां उन्हें कई बार दिल टूटने का दर्द सहना पड़ा। साल 1949 में आई सुपरहिट फिल्म 'महल' के दौरान उन्हें निर्देशक कमाल अमरोही से प्यार हो गया था। कमाल के बेटे ताजदार अमरोही के अनुसार, उस वक्त शादीशुदा और बच्चों के पिता कमाल ने मधुबाला से अपना रिश्ता तोड़ लिया था। इसकी वजह ये थी कि मधुबाला चाहती थीं कि कमाल अपनी पहली पत्नी सईदा को तलाक देकर परिवार छोड़ दें।
खुलासा
पिता ने ठुकराया नहीं, कदम पीछे खींचे थे- ताजदार अमरोही
ताजदार अमरोही ने विक्की लालवानी से हालिया बातचीत में बताया कि जब उनके पिता और मधुबाला का अफेयर चल रहा था, तब वो महज 3-4 साल के थे।
ताजदार बोले, "मीना कुमारी से शादी से काफी पहले मेरे पिता का मधुबाला के साथ एक छोटा सा रिश्ता था। मेरे पिता ही वो शख्स थे, जिन्होंने इस रिश्ते से कदम पीछे खींच लिए थे। मैं यह नहीं कहूंगा कि उन्होंने ठुकरा दिया, लेकिन हां उन्होंने ही ये रिश्ता खत्म किया था।"
शर्त
"मधुबाला चाहती थीं पिता परिवार छोड़ें"
ब्रेकअप की वजह बताते हुए ताजदार ने खुलासा किया कि मधुबाला चाहती थीं कि मेरे पिता अपनी पत्नी को तलाक दें और बच्चों को छोड़ दें। उन्होंने कहा, "मधुबाला चाहती थीं कि बाबा मेरी मां को तलाक दें, जबकि मीना जी ने ऐसी कोई शर्त नहीं रखी थी। मधुबाला कोई मामूली अभिनेत्री नहीं थीं। वो अपने दौर की बहुत बड़ी स्टार थीं और बेहद खूबसूरत थीं। दिलीप कुमार के साथ भी उनके रिश्ते के चर्चे काफी मशहूर थे।"
पेशकश
मधुबाला ने कमाल से की थी ये पेशकश
ताजदार ने बताया कि मधुबाला ने एक अजीब शर्त रखी थी।
वो बोले, "मधुबाला उस दौर की बड़ी स्टार और प्रोड्यूसर थीं। उन्होंने पिता से कहा कि मैं आपको भारी रकम देती हूूं, इसे अपनी पत्नी और बच्चों को देकर उन्हें अपनी जिंदगी से निकाल दीजिए, लेकिन बाबा ने पैसों की खातिर अपने परिवार को छोड़ने से साफ इनकार कर दिया। उन्होंने अपने परिवार के स्वाभिमान से समझौता करने के बजाय मधुबाला से रिश्ता खत्म करना बेहतर समझा।"
प्रतिक्रिया
मधुबाला की मांग पर कमाल अमरोही का दोटूक जवाब
ताजदार ने अपने पिता का जवाब याद करते हुए बताया, "बाबा ने मधुबाला से कहा, 'मैं कहानियां और संवाद बेचता हूं, अपनी पत्नी और बच्चों को नहीं। तुम चाहती हो मैं अपनी पत्नी को छोड़ दूँ, ऐसा कभी नहीं होगा। वह मेरे खानदान की औरत है।"
ताजदार के मुताबिक, इस रिश्ते के टूटने से मधुबाला काफी निराश हुई थीं।
उन्होंने ये भी बताया कि शुरुआत में मधुबाला के पिता अताउल्लाह खान को इस रिश्ते से कोई ऐतराज नहीं था।
भनक
मधुबाला से बेखबर थीं कमाल अमरोही की पहली पत्नी
ताजदार ने बताया कि उनकी मां को मधुबाला से अफेयर की कोई खबर नहीं थी, वो केवल 'महल' के बारे में जानती थीं।
बाद में कमाल ने मीना से शादी कर ली। गांव में रह रही पहली पत्नी सईदा को इस शादी का पता पत्रिकाओं से चला। इसके बावजूद सईदा ने बच्चों को मीना को खत लिखने के लिए प्रेरित किया। आगे चलकर बच्चों का उनसे बेहद गहरा लगाव हो गया और वे उन्हें प्यार से 'छोटी अम्मी' बुलाने लगे।