पाशा तालंकिन के लिए बड़ी राहत, लुफ्थांसा ने ढूंढ निकाला 'हथियार' समझकर जब्त किया गया ऑस्कर
फिल्ममेकर पाशा तालंकिन के लिए आखिरकार एक अच्छी खबर आई है। एयरलाइन कंपनी लुफ्थांसा ने उनका खोया हुआ ऑस्कर अवार्ड ढूंढ निकाला है। बता दें कि पाशा को यह सम्मान मार्च 2026 में बेस्ट फीचर डॉक्यूमेंट्री के लिए मिला था, लेकिन न्यूयॉर्क से फ्रैंकफर्ट की यात्रा के दौरान यह गायब हो गया था।
हैरानी की बात यह है कि JFK एयरपोर्ट की सिक्योरिटी ने सोने की इस ट्राफी को एक 'संभावित हथियार' मान लिया था। सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए उन्हें इसे हैंड बैगेज के बजाय कार्गो में चेक-इन करने को कहा गया, जिसके बाद यह अवार्ड कहीं खो गया था। लंबी तलाश के बाद अब यह प्रतिष्ठित अवार्ड वापस पाशा के हाथों में होगा।
लुफ्थांसा जल्द लौटाएगी पुरस्कार, मांगेगी माफी
लुफ्थांसा ने पुष्टि कर दी है कि ऑस्कर फ्रैंकफर्ट में सुरक्षित है। जल्द ही इसे तालंकिन के पास वापस भेजा जाएगा और साथ ही उनसे माफी भी मांगी जाएगी। यह पूरा मामला तब शुरू हुआ, जब JFK एयरपोर्ट की सिक्योरिटी ने तालंकिन को ऑस्कर केबिन में ले जाने से रोक दिया और उनसे इसे कार्गो में चेक करवाने को कहा। हालांकि, तालंकिन ने एयरलाइन के स्टाफ को ध्यान से स्टैच्यू को पैक करते हुए रिकॉर्ड कर लिया था। उन्होंने JFK एयरपोर्ट के इस फैसले को बिलकुल समझ से बाहर बताया। उनका कहना था कि वो पहले भी कई बार ऑस्कर के साथ केबिन में सफर कर चुके हैं और कभी कोई समस्या नहीं हुई।