सुकेश चंद्रशेखर की ठगी की कहानी दिखाएगा नेटफ्लिक्स, डॉक्यूमेंट्री 'लव, स्कैम और धोखा' का ऐलान
क्या है खबर?
नेटफ्लिक्स ने महाठग सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े करोड़ों रुपये के धोखाधड़ी मामले पर नई डॉक्यूमेंट्री बनाने का ऐलान किया है। इंडिया टुडे ओरिजिनल्स की बनाई ये डॉक्यूमेंट्री सुकेश के ठगी के जाल और बड़े लोगों से उसके रिश्तों की पड़ताल करेगी। इसमें दिखाया जाएगा कि तिहाड़ जेल में रहते हुए वो कैसे नेटवर्क चला रहा था। डॉक्यूमेंट्री में मामले से जुड़े कई ऐसे पहलुओं को सामने लाने की कोशिश होगी, जिनके बारे में अब तक बात नहीं हुई है।
ऐलान
नेटफ्लिक्स पर खुलेगी सुकेश की कहानी
नेटफ्लिक्स ने महाठग सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े करोड़ों रुपये के धोखाधड़ी मामले पर आधारित नई डॉक्यूमेंट्री 'लव, स्कैम और धोखा: द सुकेश चंद्रशेखर स्टोरी' का ऐलान किया है।
ये डॉक्यूमेंट्री सुकेश के कथित ठगी के मामलों और उससे जुड़े घटनाक्रमों की पड़ताल करेगी।
यह स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म पर 18 दिसंबर 2026 को प्रीमियर होगी। मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं को सामने रखने वाली इस डॉक्यूमेंट्री को लेकर दर्शकों के बीच काफी उत्सुकता देखी जा रही है।
शोध
2 साल की रिसर्च पर आधारित सुकेश की डॉक्यूमेंट्री
मौमिता सेन और नियंता शेखर के निर्देशन में बनी यह डॉक्यूमेंट्री सुकेश चंद्रशेखर की शुरुआती जिंदगी से लेकर बड़े धोखाधड़ी के मामलों में उसका नाम आने तक की कहानी दिखाएगी। इसमें यह भी बताया जाएगा कि उसके राजनेताओं और बॉलीवुड सितारों समेत कई बड़े लोगों से कथित तौर पर कैसे रिश्ते थे।
ये प्रोजेक्ट दो साल से अधिक की रिसर्च पर आधारित है और इसका मकसद इस मामले को लेकर बनी सुर्खियों से आगे बढ़कर गहराई से पड़ताल करना है।
ट्विटर पोस्ट
सुकेश चंद्रशेखर पर डॉक्यूमेंट्री
The schemes. The scandals. The story that gripped the nation. pic.twitter.com/hD9jNSqdUa
— Netflix India (@NetflixIndia) November 26, 2026
ठगी
सुकेश चंद्रशेखर के ठगी के तरीके और सिस्टम की कमियां दिखाएगी डॉक्यूमेंट्री
ये डॉक्यूमेंट्री दिखाएगी कि सुकेश चंद्रशेखर ने लोगों को धोखा देने का इतना बड़ा जाल कैसे बनाया और तिहाड़ जेल में रहते हुए भी अपना काम कैसे चलाता रहा।
इसमें सिस्टम की उन कमियों की भी पड़ताल होगी, जिनकी वजह से उसकी गैरकानूनी गतिविधियां जारी रह सकीं। डॉक्यूमेंट्री में सिर्फ उस पर लगे आरोप ही नहीं, बल्कि ये भी दिखाया जाएगा कि वह लोगों का भरोसा कैसे जीतता था। उस पर सैकड़ों करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के आरोप हैं।