Page Loader
'एनिमल' से पहले इन फिल्मों ने भी पहले दिन कमाए 100 करोड़ रुपये
'एनिमल' ने पहले दिन कमाए 100 करोड़ रुपये

'एनिमल' से पहले इन फिल्मों ने भी पहले दिन कमाए 100 करोड़ रुपये

Dec 02, 2023
01:13 pm

क्या है खबर?

साल 2023 फिल्म जगत के लिए अच्छा साबित हुआ। जहां पिछले साल तक फिल्में सिनेमाघरों में कमाई करने के लिए जूझ रही थीं, वहीं इस साल कई फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर बेहतरीन कमाई की। इसमें हालिया नाम रणबीर कपूर की फिल्म 'एनिमल' का भी जुड़ गया है। फिल्म ने पहले ही दिन दुनियाभर में 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा छू लिया है। नजर डालते हैं पहले दिन 100 करोड़ कमाने वालीं पिछली 5 फिल्मों पर।

#1

'जवान' 

शाहरुख खान की 'जवान' ने बॉक्स ऑफिस पर कई कीर्तिमान रचे थे। यह फिल्म अब तक की सबसे ज्यादा कमाने वाली हिंदी फिल्म बन चुकी है। फिल्म ने पहले दिन दुनियाभर में करीब 150 करोड़ रुपये की कमाई की थी। फिल्म ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर कुल 643.87 करोड़ रुपये कमाए थे। फिल्म ने दुनियाभर में कुल 1148.32 करोड़ रुपये की कमाई की थी। एटली द्वारा निर्देशित यह फिल्म सिनेमाघरों के बाद नेटफ्लिक्स पर आ चुकी है।

#2

'आदिपुरुष'

प्रभास और कृति सैनन की 'आदिपुरुष' इस साल की सबसे चर्चित फिल्मों में से एक है। फिल्म के तगड़े प्रचार अभियान के कारण इसकी जमकर एडवांस बुकिंग हुई थी और फिल्म ने पहले दिन खूब कमाई की थी। रिपोर्ट्स के अनुसार, 'आदिपुरुष' ने पहले दिन दुनियाभर के सिनेमाघरों से करीब 140 करोड़ रुपये कमाए थे। इस फिल्म ने सिनेमाघरों से 400 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की थी। यह फिल्म अमेजन प्राइम वीडियो पर मौजूद है।

#3

'पठान' 

इस साल जनवरी में आई 'पठान' से शाहरुख ने करीब 5 साल बाद पर्दे पर वापसी की थी। उनके प्रशंसक इस फिल्म का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। आखिरकार जब फिल्म सिनेमाघरों में आई, तो इसने इतिहास रच दिया। फिल्म ने पहले दिन दुनियाभर के सिनेमाघरों से 106 करोड़ रुपये कमाए थे। फिल्म ने दुनियाभर के बॉक्स ऑफिस पर 1,000 करोड़ रुपये से ज्यादा कमाए थे। स्पाई यूनिवर्स की यह फिल्म अमेजन प्राइम वीडियो पर उपलब्ध है।

#4

'RRR'

एसएस राजामौली की फिल्म 'RRR' ने इस साल दुनियाभर में अपना डंका बजाया था। फिल्म ने गोल्डन ग्लोब से लेकर ऑस्कर तक के मंच पर अपना जलवा दिखाया। रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म ने पहले दिन दुनियाभर के सिनेमाघरों से करीब 257 करोड़ रुपये की कमाई की थी। फिल्म ने कुल 1,300 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की थी। राम चरण और जूनियर एनटीआर को वैश्विक मंच पर लोकप्रियता दिलाने वाली यह फिल्म नेटफ्लिक्स पर मौजूद है।

#5 

KGF 2 

'KGF' फ्रैंचाइज ने कन्नड़ सुपरस्टार यश को दुनियाभर में प्रसिद्धि दिलाई थी। फिल्म में रॉकी भाई का किरदार निभाकर वह दुनियाभर में छा गए थे। 2022 में फिल्म के सीक्वल 'KGF-2' को दुनियाभर के दर्शकों का प्यार मिला था। इस फिल्म ने पहले दिन करीब 164 करोड़ रुपये की कमाई की थी। फिल्म ने दुनियाभर से कुल 1,200 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की थी। यह फिल्म अमेजन प्राइम वीडियो पर है। अब दर्शकों को 'KGF-3' का इंतजार है।