'बिग बॉस 20' में एंट्री की खबरों पर भड़के ललित मोदी, जारी किया कानूनी नोटिस
IPL के पूर्व अध्यक्ष ललित मोदी ने रियलिटी शो 'बिग बॉस 20' का हिस्सा बनने की तमाम चर्चाओं पर विराम लगा दिया है। इंटरनेट पर चल रही इन सभी खबरों को पूरी तरह से गलत और झूठा बताते हुए उन्होंने एक कानूनी नोटिस जारी किया है। नोटिस में उन्होंने इन अफवाहों को झूठा, बेबुनियाद और शरारती करार देते हुए साफ किया कि शो के निर्माताओं की तरफ से उनसे ऐसी कोई बात नहीं हुई है। इसके साथ ही ललित मोदी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट शेयर कर फैंस और मीडिया से अपील की है कि वे बिना पुष्टि किए किसी भी ऐसी भ्रामक खबर पर भरोसा न करें।
ललित मोदी ने मीडिया को दी चेतावनी
अपने कानूनी नोटिस में ललित मोदी ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि शो से जुड़ी किसी भी खबर या चर्चा में उनके नाम या तस्वीर का इस्तेमाल करने की अनुमति किसी को नहीं है। इसके साथ ही उन्होंने मीडिया संस्थानों को सख्त चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि यदि ऐसी भ्रामक खबरें तुरंत नहीं हटाई गईं तो वे संबंधित प्लेटफॉर्म्स के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करेंगे।