अभिनेता सत्येंद्र सोनी का रोते-बिलखते वीडियो वायरल- 10 मिनट में निकलो वरना जान से मार देंगे
क्या है खबर?
फिल्म 'लापता लेडीज' और 'मिर्जापुर' जैसी बड़ी वेब सीरीज में नजर आ चुके अभिनेता सत्येंद्र सोनी ने एक फिल्म के सेट से अपना रोते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया है। उनका आरोप है कि फिल्म 'पेड पालकी' के सेट पर अपने साथ हुए दुर्व्यवहार का खुलासा किया। अभिनेता के मुताबिक, जब उन्होंने अपने बकाया पैसों की मांग की तो निर्देशक पुष्पेंद्र सिंह ने उन्हें जान से मारने की धमकी देकर आधी रात को होटल से बाहर निकाल दिया।
धमकी
'8 दिन के पैसे मांगे तो मिली मौत की धमकी
सत्येंद्र ने 28 जून को इंस्टाग्राम पर एक बेहद भावुक वीडियो साझा किया है, जिसमें उन्होंने मध्य प्रदेश में एक फिल्म की शूटिंग के दौरान हुए बेहद दर्दनाक और परेशान करने वाले अनुभव का खुलासा किया है। अभिनेता का आरोप है कि जब उन्होंने और कुछ अन्य सह-कलाकारों ने अपने 8 दिनों के काम के पैसे मांगे तो फिल्म निर्देशक पुष्पेंद्र सिंह ने न सिर्फ उन्हें प्रोजेक्ट से बाहर निकाल दिया, बल्कि उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी।
आपबीती
रो-रोकर बयां की निर्देशक पुष्पेंद्र सिंह की करतूत
सत्येंद्र रोते हुए बोले, "मैं निर्देशक पुष्पेंद्र सिंह की फिल्म 'पेड़ पालकी' की शूटिंग के लिए मध्य प्रदेश आया था। उन्होंने हमें साइनिंग अमाउंट के तौर पर 50,000 रुपये दिए थे और कहा था कि बाकी के पैसे शूटिंग के दौरान दे दिए जाएंगे। शूटिंग के 8 दिन हो चुके हैं। जब हमने उनसे अपने पैसे मांगे तो उन्होंने हमें अपना बोरिया-बिस्तर समेटकर तुरंत होटल से निकल जाने को कह दिया। हमें जान से मारने की धमकी भी दी है।"
ट्विटर पोस्ट
यहां देखिए वायरल वीडियो
Actor Satendra Soni (Laapataa Ladies, Maharani) tearfully pleads for unpaid wages after shooting a Madhya Pradesh film. Received only ₹50k advance, worked 7-8 days, then faced threats & abuse when demanding pay. pic.twitter.com/F3J0yqQ2Bc
— Ghar Ke Kalesh (@gharkekalesh) June 28, 2026
आरोप
7-8 दिन काम कराया, पर एक रुपया नहीं दिया
सत्येंद्र ने बताया कि उनकी इस फिल्म में कुल 10 दिनों की शूटिंग का काम था, लेकिन 7-8 दिन बीत जाने के बाद भी उन्हें एक रुपया नहीं दिया गया। यहां तक कि उन्होंने यूनिट के दूसरे लोगों को भी ये कहते सुना कि किसी को भी भुगतान नहीं मिला है। जब सत्येंद्र ने अपने पैसों के बारे में बात की तो उन्हें तुरंत पैक-अप करने के लिए कह दिया गया।
गुंडागर्दी
फिल्म 'पेड़ पालकी' के सेट पर गुंडागर्दी
अभिनेता के मुताबिक, निर्देशक ने उन्हें धमकाते हुए कहा, "10 मिनट के अंदर होटल से बाहर निकलो। तुम यहां दिखने नहीं चाहिए, वरना तुम्हें जान से मार देंगे।' इसके साथ ही फिल्म की हीरोइन और निर्देशक की पत्नी प्रगति चौहान ने भी उनके साथ बदसलूकी की और गंदी गालियां दीं। इस खौफनाक माहौल से बेहद डरकर जब सत्येंद्र होटल से निकलने लगे तो उनके साथ सह-कलाकार श्रीधर दुबे और पंकज शर्मा भी डर के मारे वहां से बाहर आ गए।
मदद
आशुतोष राणा और पुलिस की मदद से मुंबई लौटे सत्येंद्र
हालांकि, बाद में एक अन्य वीडियो जारी कर अभिनेता ने बताया कि मैहर पुलिस, वरिष्ठ अभिनेता आशुतोष राणा और कुछ अन्य लोगों की मदद से वे उनके साथी कलाकार सुरक्षित मुंबई लौट आए हैं। उन्होंने इस घटना को अपने जीवन का एक बेहद कठिन और कड़वा सबक बताया है। ये घटना फिल्म इंडस्ट्री में 'चरित्र अभिनेताओं के साथ होने वाले दुर्व्यवहार, पेमेंट के संकट और उनकी सुरक्षा की कमी की कड़वी सच्चाई को एक बार फिर उजागर करती है।