
सोनाक्षी सिन्हा-जहीर इकबाल की शादी से गायब थे कुश सिन्हा? अब भाई ने खुद बताई सच्चाई
क्या है खबर?
सोनाक्षी सिन्हा पिछले कुछ समय से फिल्म 'निकिता रॉय' को लेकर चर्चा में हैं। उनकी इस फिल्म का निर्देशन उनके भाई कुश सिन्हा ने किया है, जो पिछले साल तब चर्चा में आए थे, जब सोनाक्षी अभिनेता जहीर इकबाल के साथ शादी के बंधन में बंधे थे।
सोनाक्षी और जहीर की शादी की चर्चाओं के बीच ये खबरें थीं कि उनके दोनों भाई इस शादी से खुश नहीं है।
अब इस पर कुश ने चुप्पी तोड़ दी है।
बयान
मैं वहीं पर था- कुश
मनी क्रट्रोल को दिए हालिया इंटरव्यू में कुश ने कहा, "मैं संक्षेप में कहूंगा। मैं वहां मौजूद था। जिसने भी यह कहानी गढ़ी है, उसे तथ्यों की जांच करनी चाहिए थी, क्योंकि मैं स्पष्ट रूप से वहां मौजूद था।"
इसी के साथ अब उन अफवाहों पर विराम लग गया है, जिनमें कहा जा रहा था कि सोनाक्षी की शादी से उनके भाई नाराज और नदारद थे।
जून, 2024 में सोनाक्षी ने जहीर के साथ कोर्ट मैरिज की थी।
मतभेद
पारिवारिक टकराव की खबरों पर क्या बोले थे शत्रुघ्न?
पिछले साल सोनाक्षी ने जब शादी की तो खबरें आने लगीं कि सिन्हा परिवार में मतभेद हो गए हैं।
इस पर खुद सोनाक्षी के पिता शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा था, "बहुत बड़े-बड़े संकट देखे हैं हमने और यह तो कुछ भी नहीं है।"
उन्होंने दोनों समुदायों के बीच अंतर के बारे में कहा, "इसमें परेशान होने वाली कोई बात नहीं थी। इस तरह की शादी (अंतर-धार्मिक) पहली बार नहीं हुई। हमारे परिवार को दुष्प्रचार के अभियान का शिकार बनाया गया।"
मुलाकात
जहीर से कैसे मिली थीं सोनाक्षी?
बता दें कि सोनाक्षी-जहीर की पहली मुलाकात सलमान खान की पार्टी में हुई थी।
यहीं पहली बार दोनों मिले और उनकी दोस्ती हुई। इसके बाद दोनों के बीच मुलाकातों का सिलसिला शुरू हुआ। फिर धीरे-धीरे उनकी दोस्ती प्यार में बदल गई।
जहां सलमान ने साेनाक्षी को अपनी फिल्म 'दबंग' से बॉलीवुड में लॉन्च किया, वहीं जहीर को फिल्माें के दर्शन कराने वाले भी सलमान ही हैं। उन्होंने अपनी फिल्म 'नोटबुक' से उन्हें बॉलीवुड में ब्रेक दिया था।
फिल्म
कुश की सोनाक्षी अभिनीत फिल्म 'निकिता रॉय' कब हो रही रिलीज?
खबरें थी कि लव और कुश बहन सोनाक्षी की मुस्लिम धर्म में शादी करने से नाखुश थे। लव ने तो इस पर नाराजगी भी जाहिर की थी। हालांकि, अब सोनाक्षी की भाइयों से सुलह हो गई है।
जल्द ही उन्हें फिल्म 'निकिता रॉय' में देखा जाएगा, जो 27 जून को सिनेमाघरों में आ रही है।
उनके बड़े भाई कुश ने इसके जरिए निर्देशन जगत में कदम रखा है।
परेश रावल और अर्जुन रामपाल ने भी इसमें अहम भूमिका निभाई है।
उम्मीद
'निकिता रॉय' के ट्रेलर ने बढ़ाया रिलीज को लेकर दर्शकों का उत्साह
बता दें कि 'निकिता रॉय' का कुछ प्रचार नहीं हुआ है, लेकिन उम्मीद की जा रही है कि यह फिल्म दर्शकों को सिनेमाघरों का रुख करने पर मजबूर कर देगी।
दरअसल, इसके ट्रेलर को शानदार प्रतिक्रिया मिली है।
सोनाक्षी सिन्हा फिल्म 'निकिता रॉय' में एक जासूस की भूमिका में दिख रही हैं। निकिता का मकसद एक गुरु (परेश रावल) का पर्दाफाश करना है, जो लोगों को भूत-प्रेतों से छुटकारा दिलाने का दावा करता है।