कुणाल खेमू जल्द ला रहे हैं 'मडगांव एक्सप्रेस' का सीक्वल, लिख ली पूरी पटकथा
कुणाल खेमू ने अपनी कॉमेडी फिल्म 'मडगांव एक्सप्रेस 2' की पटकथा पूरी कर ली है। यह फिल्म उनकी 2024 में आई 'मडगांव एक्सप्रेस' का सीक्वल है।
पहली फिल्म को समीक्षकों से अच्छी प्रतिक्रिया मिली थी, भले ही बॉक्स ऑफिस पर उसने उम्मीद के मुताबिक कमाई न की हो।
उसमें प्रतीक गांधी, दिव्येंदु और अविनाश तिवारी जैसे कलाकार मुख्य भूमिकाओं में नजर आए थे।
'वाइब' के बाद कुणाल करेंगे 'मडगांव एक्सप्रेस 2' की शूटिंग
कुणाल ने बताया कि उन्हें इसके दूसरे पार्ट का विचार तभी आ गया था, जब वे पहली फिल्म की पटकथा लिख रहे थे।
उन्होंने कहा, 'कुछ चीजें अधूरी लग रही थीं। मुझे पता था कि कहानी को आगे किस तरफ ले जाना है।' पटकथा तो तैयार है, लेकिन इसकी शूटिंग उनकी अगली फिल्म 'वाइब' के बाद ही शुरू होगी।
'वाइब' में वे प्रीति जिंटा के साथ नजर आएंगे और यह फिल्म 18 सितंबर, 2026 को रिलीज होगी। कुणाल ने यह भी बताया कि उन्होंने एक्सेल एंटरटेनमेंट को सीक्वल के बारे में तभी बताया, जब उनके पास पूरी पटकथा तैयार थी। उनका मानना है कि फिल्में लोगों को स्वाभाविक लगनी चाहिए, जबरदस्ती की गई नहीं।
इसके अलावा, कुणाल होस्ट के तौर पर अपना डेब्यू 'अलायंस' नाम के शो से कर रहे हैं। यह एक स्ट्रेटेजी रियलिटी शो है, जो 26 जून को प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम होगा।