'कुंभ गर्ल' मोनालिसा और सनोज मिश्रा के दावों की पूरी सच्चाई, धोखा; धमकी या सुनियोजित साजिश?
क्या है खबर?
रातों-रात मशहूर हुई 'कुंभ गर्ल' मोनालिसा भोसले ने फिल्म निर्देशक सनोज मिश्रा पर 'लव जिहाद' और जान से मारने की धमकी देने जैसे बेहद सनसनीखेज आरोप लगाकर हड़कंप मचा दिया है। मोनालिसा का दावा है कि उन्हें धोखे में रखकर फंसाया गया और अब उसकी जान को गंभीर खतरा है। दूसरी ओर सनोज मिश्रा ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे अपनी छवि खराब करने की साजिश बताया है। आइए पूरा मामला विस्तार से जानें।
दो टूक
"क्या पहली मूवी के लिए मेरा रेप करवाओगे?"
मोनालिसा ने सनोज की नीयत पर कहा, "सनोज मिश्रा बहुत ही घिनौना आदमी है। उसने फिल्म की शूटिंग के दौरान मुझे कई बार गलत तरीके से छुआ। मैंने अपने परिवार को इस बारे में बताया, लेकिन परिवार ने मेरा साथ नहीं दिया। मैं जानती हूं कि मुझ पर क्या बीती है। मेरे साथ अन्याय हुआ है। मुझे इंसाफ चाहिए। सनोज ने मुझे छुआ तो परिवार ने कहा कि पहली फिल्म है। तो क्या पहली मूवी के लिए मेरा रेप करवाओगे?"
साजिश
सनोज ने आरोपों को बताया 'साजिश'
सनोज ने मोनालिसा के आरोपों पर एक वीडियो जारी कर इन आरोपों को एक बड़ी 'साजिश' करार दिया है। उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ 'जिहादियों' और 'केरल की ईसाई मिशनरियों' का एक संयुक्त षड्यंत्र चल रहा है। उन्होंने कहा कि मोनालिसा का 'ब्रेनवॉश' किया गया है। सनोज के मुताबिक, "उस बच्ची को समझाकर मेरे खिलाफ सोशल मीडिया पर गलत बातें कहलवाई जा रही हैं। जिहादी किस हद तक ब्रेनवॉश कर सकते हैं, ये उसका उदाहरण है।"
दो टूक
मैं हर हाल में लड़ूंगा, झुकूंगा नहीं- सनोज
सनोज के मुताबिक, मोनालिसा से उनका पवित्र जुड़ाव था। वे उसे अपने बच्चों की तरह पढ़ाते थे, यहां तक कि उनके अपने बच्चे इस बात से नाराज रहते थे कि वे उन्हें समय न देकर मोनालिसा को सिखाते हैं। उनके अनुसार, जिस स्तर की साजिश उनके खिलाफ रची जा रही है, उसके सामने गलत तरीके से छूने जैसे आरोप बहुत छोटे हैं। उन्होंने कहा कि वो हर परिस्थिति से लड़ने में सक्षम हैं और किसी के आगे सिर नहीं झुकाएंगे।
खतरा
ये मेरा अंतिम वीडियो भी हो सकता है- सनोज
सनोज ने कहा कि इससे पहले मोनालिसा ने हमेशा उनके बारे में अच्छा बोला है, फिर रातों-रात प्रेस कॉन्फ्रेंस करके ऐसे आरोप लगाना समझ से परे और संदिग्ध है। वो बोले, "हम सनातनी लोग हैं। हमारी संस्कृति में बहन बोलकर किसी को भगा ले जाना या गलत करना शोभा नहीं देता। हम जिहादी नहीं हैं। मेरे खिलाफ किसी बड़ी अनहोनी को अंजाम दिया जा सकता है।" उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि ये उनका 'अंतिम वीडियो' भी हो सकता है।
जानकारी
फिल्म 'द डायरी ऑफ मणिपुर' पर संकट के बादल
सनोज मिश्रा की फिल्म 'द डायरी ऑफ मणिपुर' में 'कुंभ गर्ल' मोनालिसा भोसले को एक महत्वपूर्ण भूमिका के लिए साइन किया गया था। हालांकि, अब ये फिल्म रिलीज से पहले ही भारी विवादों में घिर गई है और इसका भविष्य अधर में लटक गया है।