कुमार सानू के बेटे जान कुमार सानू कोरोना संक्रमित, हालत बिगड़ने के बाद अस्पताल में भर्ती
क्या है खबर?
दिग्गज गायक कुमार सानू के बेटे और 'बिग बॉस' से मशहूर हुए जान कुमार सानू कोरोना वायरस की चपेट में आ गए हैं। संक्रमण बढ़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रविवार, 12 जुलाई को जान ने खुद अस्पताल के बिस्तर से एक वीडियो शेयर कर फैंस को अपनी सेहत की जानकारी दी। इस मुश्किल वक्त में घबराने के बजाय जान ने बेहद हल्के-फुल्के और मजाकिया अंदाज में अपने बीमार होने की बात फैंस को बताई।
वीडियो
कोरोना संक्रमित होने के बाद अस्पताल में भर्ती हुए जान
जान कुमार सानू को कोरोना पॉजिटिव होने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जान ने अस्पताल के बिस्तर से एक वीडियो शेयर कर खुद इस बात की पुष्टि की। हालांकि, उन्होंने अभी ये नहीं बताया है कि उन्हें लक्षण कब से थे और वे कब तक अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में रहेंगे। अस्पताल के कपड़े पहने जान ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर मजाकिया अंदाज में लिखा, 'चीन से आया मेरा दोस्त। कोविड को सलाम करो।'
फिक्र
जान की सेहत को लेकर बढ़ी फैंस की चिंता
इस अपडेट ने जान के प्रशंसकों की चिंता बढ़ा दी, जिन्होंने कमेंट सेक्शन में उनके जल्द ठीक होने की दुआएं दीं। एक ने लिखा, 'अरे, ये कैसे हुआ। आप जल्दी ठीक हो जाओ।' बता दें कि जान कुमार सानू को रियलिटी शो 'बिग बॉस 14' से बड़ी पहचान मिली। वर्तमान में वो एक गायक और परफॉर्मर के रूप में सक्रिय है और सोशल मीडिया के जरिए फैंस के साथ अपनी निजी व पेशेवर जिंदगी के अपडेट्स साझा करते रहते हैं।