सलमान खान ने कुकू कोहली के निधन पर जताया शोक, कही ये बात
बॉलीवुड को 1991 में आई अपनी खास फिल्म 'फूल और कांटे' देने वाले मशहूर निर्देशक कुकू कोहली का मुंबई में निधन हो गया है। उन्होंने 77 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कहा।
बताया जा रहा है कि उन्हें दिल का दौरा पड़ा था। कुकू कोहली ने ही इस फिल्म से अभिनेता अजय देवगन को बॉलीवुड में लॉन्च किया था।
उनके परिवार में उनकी पत्नी, मशहूर अभिनेत्री अरुणा ईरानी और उनकी पहली शादी से हुए 2 बच्चे हैं।
सलमान खान ने एक्स के जरिए दी श्रद्धांजलि
फिल्म निर्देशक के निधन पर अभिनेता सलमान खान ने भी एक्स पर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने एक भावुक पोस्ट में लिखा, 'शांति से आराम करें कुकू जी, अरुणा जी, मेरा दिल आपके साथ है। भगवान आपको शक्ति दे।'
कुकू के अंतिम संस्कार में बॉलीवुड की कई जानी-मानी हस्तियां शामिल हुईं। ये सभी अरुणा को सांत्वना देने और दिवंगत निर्देशक को श्रद्धांजलि देने पहुंचे थे। कुकू ने 'फूल और कांटे' के अलावा 'हकीकत', 'सुहाग', 'अनाड़ी नंबर 1' और 'ये दिल आशिकाना' जैसी कई सफल फिल्मों का भी निर्देशन किया था।