कृति सैनन का खुलासा- मैंने अपने एग्स फ्रीज करवाए थे, सोच-समझकर लिया फैसला
क्या है खबर?
कृति सैनन ने अपनी निजी जिंदगी से जुड़ा एक बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि कुछ साल पहले उन्होंने अपने एग्स फ्रीज करवाए थे। ये फैसला बहुत सोच-समझकर लिया था। अभिनेत्री ने यह भी बताया कि उन्होंने ये फैसला फिल्म 'मिमी' (2021) की शूटिंग से पहले लिया था। बता दें, एग्स फ्रीजिंग एक चिकित्सा प्रक्रिया है, जिसमें महिला के एग्स (अंडो) को फ्रीज किया जाता है। भविष्य में इन एग्स के जरिए वह अपने बायोलॉजिकल बच्चे कर सकती है।
खुलासा
वजन बढ़ाने के कारण कृति ने लिया था ये फैसला
ह्यूमंस ऑफ बॉम्बे के पॉडकास्ट में कृति ने कहा, "मैं यह बात पहली बार कर रही हूं। मैंने अपने एग्स फ्रीज करवाए थे। मैंने बड़ी समझदारी से यह तब किया जब मुझे 'मिमी' के लिए वजन बढ़ाना था। इससे शरीर में बदलाव आते हैं, मैं वजन बढ़ा ही रही थी। मैंने एक व्यक्ति से बात की जिसने मुझे बताया कि अगर आप कर सकती हैं तो यह आपके लिए सबसे अच्छी चीज है। यह आपके लिए सबसे अच्छा तोहफा है।"
फैसला
'मिमी' से पहले एग्स फ्रीज कराने का लगा सही समय
कृति ने कहा, "उस व्यक्ति की बात मेरे दिमाग में बनी रही। फिर, जब मुझे वजन बढ़ाने के लिए कहा गया, तो मैंने सोचा कि यही सही समय है।" अभिनेत्री ने बताया कि 'मिमी' की शूटिंग से पहले उनका ये फैसला सही था, क्योंकि इस प्रक्रिया में हार्मोनल इंजेक्शन लगते हैं, जिससे कुछ समय के लिए पेट फूल सकता है। काम के मोर्चे पर, कृति आखिरी बार शाहिद कपूर और रश्मिका मंदाना अभिनीत फिल्म 'कॉकटेल 2' में नजर आई थीं।