Page Loader
IIFA में सम्मान पाने वाली पहली फिल्म कौन-सी है? इस अभिनेता ने जीते सबसे ज्यादा पुरस्कार
IIFA के बारे में जानिए सबकुछ

IIFA में सम्मान पाने वाली पहली फिल्म कौन-सी है? इस अभिनेता ने जीते सबसे ज्यादा पुरस्कार

Sep 27, 2024
12:26 pm

क्या है खबर?

भारत के सबसे प्रतिष्ठित और लोकप्रिय पुरस्कार समारोह इंटरनेशनल इंडियन फिल्म एकेडमी अवॉर्ड्स (IIFA) का इंतजार सिनेप्रेमी बड़ी बेसब्री से करते हैं। हमेशा की तरह IIFA 2024 में भी बॉलीवुड सितारे धूम मचाने वाले हैं। जहां शाहरुख खान, करण जौहर और विक्की कौशल अपनी मेजबानी से दर्शकों का दिल जीतेंगे, वहीं मशहूर अदाकारा रेखा 150 से ज्यादा बैकग्राउंड डांसर्स के बीच अपने डांस का जलवा बिखेरती दिखेंगी। आइए जानें आखिर क्यों IIFA इतना लोकप्रिय है और इसकी शुरुआत कब हुई।

शुरुआत

कब हुई शुरुआत और कौन चुनता है विजेता?

अंतर्राष्ट्रीय भारतीय फिल्म अकादमी पुरस्कार को IIFA के नाम से जाना जाता है। यह हिंदी फिल्मों के लिए आयोजित होने वाला एक वार्षिक पुरस्कार समारोह है। विजक्राफ्ट इंटरनेशनल एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड ने इसकी शुरुआत की थी। पुरस्कारों के विजेताओं का फैसला प्रशंसक करते हैं, जो बॉलीवुड इंडस्ट्री से अपने पसंदीदा कलाकारों के लिए ऑनलाइन वोट करते हैं। साल 2000 में इसकी शुरुआत हुई थी। यह समारोह हर साल दुनियाभर के विभिन्न देशों में आयोजित किया जाता है

आयोजन

दुनियाभर के कई अलग-अलग शहरों में हो चुका आयोजन

पहला पुरस्कार 2000 में लंदन, यूनाइटेड किंगडम में द मिलेनियम डोम में दिया गया था। जोहान्सबर्ग से लेकर, एमस्टर्डम, बैंकॉक, दुबई और मुंबई जैसी कई अलग-अलग शहरों में इसका आयोजन हो चुका है। पहले जहां कार्यक्रम 1 दिन का होता था, वहीं बढ़ती लोकप्रियता के साथ यह 3 दिवसीय उत्सव में तब्दील हो गया। पुरस्कार समारोह में पिछले साल की फिल्मों को सम्मानित किया जाता है। अलग-अलग श्रेणियों में फिल्मों, निर्देशकों और सितारों को IIFA से नवाजा जाता है।

सम्मान

पहली बार इस फिल्म को मिला था IIFA पुरस्कार

सलमान खान साल 2000 में इसकी स्थापना के बाद से IIFA के ब्रांड एंबेसडर रहे हैं। पहली बार 24 जून, 2000 को इस पुरस्कार समारोह का आयोजन हुआ था। सलमान खान और ऐश्वर्या राय की फिल्म 'हम दिल दे चुके सनम' ने बेस्ट पिक्चर के लिए यह पुरस्कार जीता था। पहली बार IIFA को पूर्व मिस वर्ल्ड युक्ता मुखी और अनुपम खेर ने होस्ट किया था। दूसरी बार प्रियंका चाेपड़ा और कबीर बेदी ने समारोह की मेजबानी की थी।

कोरोना काल

2020 और 2021 में नहीं हुआ था IIFA का आयोजन

कोरोना महामारी के चलते 2020 और 2021 में IIFA का आयोजन नहीं हुआ था। 2021 में इंस्टाग्राम के जरिए विजेतओं का ऐलान हुआ था। यह इस पुरस्कार समारोह का 24वां संस्करण हैं। पिछली बार समारोह की मेजबानी विक्की कौशल और अभिषेक बच्चन ने की थी और अजय देवगन की फिल्म 'दृश्यम 2' को बेस्ट पिक्चर का IIFA पुरस्कार मिला था। समारोह में दिए जाने वाले पुरस्कारों को पॉपुलर अवॉर्ड्स, स्पेशल अवॉर्ड्स और टेक्निकल अवॉर्ड्स की श्रेणी में बांटा जाता है।

जानकारी

इन फिल्मों ने जीते सबसे ज्यादा पुरस्कार

'3 इडियट्स' और 'देवदास' को सबसे ज्यादा 16 पुरस्कार मिले हैं। ऋतिक रोशन सबसे ज्यादा 5 IIFA पुरस्कार पाने वाले अभिनेता हैं, वहीं निर्देशन में 4 पुरस्कारों के साथ संजय लीला भंसाली तो गायकी में 9 पुरस्कारों के साथ श्रेया घोषाल पहले स्थान पर हैं।