Page Loader
मिस यूनिवर्स 2022: जानें कब और कहां देख सकते हैं लाइव प्रसारण, कैसे करें वोट
जानें कब और कहां देख सकते हैं मिस यूनिवर्स का प्रसारण (तस्वीर: इंस्टाग्राम/@divitarai)

मिस यूनिवर्स 2022: जानें कब और कहां देख सकते हैं लाइव प्रसारण, कैसे करें वोट

Jan 12, 2023
10:31 pm

क्या है खबर?

साल का पहला महीना प्रतिष्ठित पुरस्कारों और प्रतियोगिताओं के नाम है। हर तरफ अंतरराष्ट्रीय प्रतिस्पर्धा वाले समारोह हो रहे हैं। ऐसी ही एक प्रतिष्ठित प्रतियोगिता मिस यूनिवर्स 2022 का आगाज हो चुका है। इस प्रतियोगिता में दिविता राय भारत का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। गुरुवार को उनकी खूबसूरत तस्वीरें सोशल मीडिया पर देखने को मिलीं। आपको बताते हैं इस मिस यूनिवर्स 2022 का लाइव प्रसारण आप कब और कहां देख सकते हैं।

कंपनी

थाईलैंड की कंपनी है 'मिस यूनिवर्स' की मालिक

इस साल 71वें मिस यूनिवर्स का आयोजन हो रहा है। यह आयोजन अमेरिका के लुइजियाना में हो रहा है। मिस यूनिवर्स संस्था की मालिक थाइलैंड की कंपनी JKN ग्लोबल ग्रुप है। यह कंपनी पेय पदार्थों से लेकर कॉस्मेटिक्स तक के व्यवसाय में शामिल है। इस सौंदर्य प्रतियोगिता का मकसद दुनियाभर की महिलाओं को प्रोत्साहित करना है। प्रतियोगिता में अलग-अलग देशों के लड़कियां अपने देश की संस्कृति का प्रतिनिधित्व करती हैं। इसके जरिए दुनियाभर में सामाजिक कार्य भी किए जाते हैं।

प्रसारण

कब और कहां होगा प्रसारण?

मिस यूनिवर्स 2022 का फाइनल राउंड अमेरिका में 14 जनवरी को शाम 7 बजे होगा। इसका मतलब भारतीय समयानुसार यह 15 जनवरी सुबह 5:30 बजे आयोजित होगा। प्रतियोगिता को अमेरिका में NBC पर लाइवस्ट्रीम किया जाएगा। इसके अलावा यह JKN ग्रुप के चैनल JKN18 और JKN-CNBC पर भी प्रसारित होगा। भारत में इसके प्रसारण के राइट वायाकॉम के पास हैं। इसे OTT प्लेटफॉर्म वूट पर दिखाया जाएगा। JKN ने अलग-अलग देशों में प्रसारण को लेकर एक सूची साझा की है।

सोशल मीडिया

इन सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी देख सकते हैं झलकियां

'मिस यूनिवर्स' के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर 15 जनवरी को सुबह प्रतियोगिता का लाइव प्रसारण किया जाएगा। इसके अलावा प्रतियोगिता को JKN के फेसबुक और यूट्यूब चैनल पर भी प्रसारित किया जाएगा। मिस यूनिवर्स के आधिकारिक ट्विटर और इंस्टाग्राम हैंडल पर भी इसकी खास झलकियां देख सकते हैं। इन सभी सोशल मीडिया हैंडल्स पर प्रतियोगिता के शुरुआती राउंड्स की खूबसूरत झलकियां आना शुरू हो चुकी हैं। लोगों को इंतजार है कि यह ताज किस देश की झोली में आएगा।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस

मिस यूनिवर्स ऐप के जरिए आप अपने पसंदीदा प्रतिभागी के लिए वोट भी कर सकते हैं। vote.missuniverse.com पर जाकर भी आप वोट कर सकते हैं। इसके अलावा ट्विटर पर #Missuniverse के साथ देश का नाम लिखकर भी आप वोट कर सकते हैं।

भारतीय प्रतियोगी

दिविता राय कर रही हैं भारत का प्रतिनिधित्व

इस प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व 25 वर्ष की दिविता राय कर रही हैं। इस प्रतियोगिता से उनकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आई हैं। नैशनल कॉस्ट्यूम राउंड में वह 'सोने की चिड़िया' पर आधारित ड्रेस पहनकर मंच पर आईं तो हर किसी की नजरें उनपर ठहर गईं। दिविता कर्नाटक की रहने वाली हैं। वह पेशे से एक आर्किटेक्ट हैं। उन्होंने मुंबई के जेजे कॉलेज ऑफ आर्किटेक्चर से अपनी पढ़ाई पूरी की है।

इंस्टाग्राम पोस्ट

दिविता राय बनीं 'सोने की चिड़िया'

जानकारी

फिलहाल भारत के पास है ताज

फिलहाल मिस यूनिवर्स का ताज भारत की हरनाज संधू के पास है। उन्हें दिसंबर, 2021 में मिस यूनिवर्स चुना गया था। 15 जनवरी को होने वाली प्रतियोगिता में वह नई मिस यूनिवर्स को अपना ताज सौपेंगी।