लिन लैशराम कौन हैं जिन्हें डेट कर रहे हैं रणदीप हुड्डा?
क्या है खबर?
बॉलीवुड अभिनेता रणदीप हुड्डा और लिन लैशराम के रिलेशनशिप के चर्चे काफी समय से थे। दोनों अकसर एक-दूसरे के इंस्टाग्राम पोस्ट में नजर आते हैं।
इस बार दिवाली के मौके पर रणदीप ने लिन के साथ अपना रिश्ता सार्वजनिक कर दिया है।
दिवाली पर रणदीप ने लिन के साथ दिये लिए एक तस्वीर शेयर करके लोगों को दिवाली की शुभकामनाएं दीं।
आइए, जानते हैं कौन हैं रणदीप की नई साथी लिन लैशराम।
परिचय
कौन हैं लिन लैशराम?
लिन पेशे से अभिनेत्री, मॉडल और बिजनसवुमन और स्पोर्ट्सपर्सन भी हैं।
लिन मणिपुर के इम्फाल की रहने वाली हैं। 2008 में मिस नॉर्थईस्ट प्रतियोगिता में उन्होंने अपने राज्य का प्रतिनिधित्व किया था। इस प्रतियोगिता में वह पहली रनर अप घोषित हुई थीं।
उन्होंने रिएलिटी शो 'किंगफिशर कैलेंडर गर्ल' में हिस्सा लिया था। वह नैशनल टीवी पर स्विमसूट पहनने वाली अपने राज्य की पहली महिला थीं। इसके लिए उनके होमटाउन में काफी विवाद हुआ था।
वह एक ट्रेन्ड तीरअंदाज भी हैं।
अभिनय
फिल्मों और थिएटर में अभिनय कर चुकी हैं लिन
लिन शामू सना नाम का अपना जूलरी ब्रैंड भी चलाती हैं।
पर्दे पर आने से पहले लिन ने मुंबई में करीब तीन साल तक थिएटर में प्रस्तुति दी। वह नसीरुद्दीन शाह और नीरज काबी जैसे कलाकारों के थिएटर ग्रुप में प्रस्तुति दे चुकी हैं।
2014 में उन्होंने प्रियंका चोपड़ा की 'मैरी कॉम' में बमबम का किरदार निभाया था।
वह शाहिद कपूर और कंगना रनौत की फिल्म 'रंगून' में भी अभिनय कर चुकी हैं।
अतीत
नीतू चंद्रा के साथ था रणदीप का पुराना अफेयर
रणदीप इससे पहले अभिनेत्री नीतू चंद्रा के साथ रिलेशनशिप में थे। लंबे समय तक डेटिंग करने के बाद दोनों अलग हो गए थे।
इस बारे में रणदीप ने एक पुराने इंटरव्यू में कहा था, "कभी-कभी आपको बड़े लक्ष्य के लिए त्याग करना पड़ता है।"
वहीं नीतू ने इस अलगाव पर कहा था कि उनके अभिनय में काफी गंभीरता रणदीप की वजह से आई है। अब वह इस रिश्ते से बाहर हैं, लेकिन उनका सम्मान करती हैं।
फिल्म
स्वतंत्रवीर सावरकर में नजर आएंगे रणदीप
रणदीप की आने वाली फिल्म की बात करें तो वह फिल्म 'स्वतंत्रवीर सावरकर' में नजर आएंगे। फिल्म में वह वीर सावरकर की भूमिका में दिखाई देंगे। वह इस फिल्म का निर्देशन भी कर रहे हैं।
इस फिल्म में अंकिता लोखंडे भी मुख्य भूमिका में नजर आएंगी।
सितंबर से फिल्म की शूटिंग शुरू हो गई है। फिलहाल फिल्म के रिलीज डेट की घोषणा नहीं हुई है।
इसका निर्माण आनंद पंडित और संदीप सिंह कर रहे हैं।