Page Loader
यश का असली नाम जानते हैं आप? जानिए बस ड्राइवर का बेटा कैसे बना सुपरस्टार
यश का असली नाम जानते हैं आप? (तस्वीर: इंस्टाग्राम/@thenameisyash)

यश का असली नाम जानते हैं आप? जानिए बस ड्राइवर का बेटा कैसे बना सुपरस्टार

Jan 08, 2025
09:55 am

क्या है खबर?

दक्षिण भारतीय सिनेमा के सुपरस्टार यश आज यानी 7 जनवरी को अपना 39वां जन्मदिन मना रहे हैं। वह किसी परिचय के मोहताज नहीं हैं, उन्होंने न केवल 'KGF' फैंचाइजी से दुनियाभर में ख्याति पाई, बल्कि लोगों के दिलों में जगह भी बनाई। उन्होंने अपनी मेहनत के दम पर बस ड्राइवर के बेटे से लेकर सुपरस्टार बनने तक का सफर तय किया है, लेकिन क्या आप जानते हैं 'रॉकी भाई' के नाम से मशहूर यश का असली नाम क्या है?

असली नाम

यश नहीं, नवीन है अभिनेता का असली नाम 

यश का जन्म आज ही के दिन साल 1986 में कर्नाटक के हासन शहर में स्थित गांव बोवनहल्ली में हुआ था। यूं तो आप सब उन्हें यश के नाम से पहचानते हैं, लेकिन असल में उनका नाम नवीन कुमार गौड़ा है। उन्होंने एक इंटरव्यू के दौरान बताया था कि उनका एक और नाम 'यशवंत' है। जब उन्होंने अभिनय की दुनिया में कदम रखा था तब उन्होंने इसी नाम को छोटा कर यश कर लिया था।

सफर

कुछ ऐसे शुरू हुआ था यश का सफर 

हम सब यश को कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री के सुपरस्टार के रूप में जानते हैं, लेकिन उनके यहां तक पहुंचने का सफर इतना आसान नहीं था। उनके पिता अरुण कुमार गौड़ा बस ड्राइवर थे। यश अभिनय में अपना करियर बनाने के लिए स्कूल छोड़ना चाहते थे, लेकिन उनके माता-पिता ने उन्हें इस बात की इजाजत नहीं दी। अभिनेता ने पढ़ाई जारी रखी और फिर एक दिन मौका देखकर हैदराबाद चले गए। हैदराबाद जाकर यश नाटकों में अभिनय करने लगे।

डेब्यू

फिल्म 'मोगीना मान्सू' से किया डेब्यू 

2007 में यश को फिल्म 'मोगीना मान्सू' से बड़े पर्दे पर डेब्यू करने का मौका मिला। इसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। उन्होंने 'राजधानी', 'ड्रामा', 'गुगली', 'राजा हुली', 'मिस्टर ऐंड मिसेज रामाचारी', 'मास्टरपीस' जैसी फिल्मों के दर्शकों का दिल जीता। साल 2018 में रिलीज हुई फिल्म 'KGF' ने न केवल यश को "ग्लोबल स्टार" बनाया, बल्कि कन्नड़ सिनेमा को भी नई पहचान दिलाई। यश ने 'उत्तरायण', 'सिल्ली लल्ली', 'नंदा गोकुला' जैसे कन्नड़ टीवी शोज में काम किया है।

टॉक्सिक

जल्द 'टॉक्सिक' में नजर आएंगे यश 

काम के मोर्चे पर बात करें तो यश को पिछली बार 'KGF: चैप्टर 2' में देखा गया था। यह फिल्म 2022 में रिलीज हुई थी और बॉक्स ऑफिस पर इसने खूब तहलका मचाया। अब रॉकी भाई के प्रशंसक 'KGF 3' का इंतजार कर रहे हैं। यश जल्द ही फिल्म 'टॉक्सिक' के जरिए दर्शकों का मनोरंजन करते हुए नजर आएंगे। इस फिल्म के निर्देशन की कमान गीतू मोहनदास ने संभाली है। यह फिल्म 10 अप्रैल, 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।