कीर्ति सुरेश 'अक्का' से करने जा रहीं OTT डेब्यू, जानें कब और कहां देख सकते हैं यह सीरीज
कीर्ति सुरेश, जो बड़े पर्दे पर अपनी दमदार भूमिकाओं के लिए जानी जाती हैं, 30 अक्टूबर को नेटफ्लिक्स की सीरीज 'अक्का' से अपना स्ट्रीमिंग डेब्यू करने जा रही हैं।
इस सीरीज में वह भवानी का किरदार निभाएंगी। भवानी एक शांत लेकिन ताकतवर गैंगस्टर है, जो अपनी बहनों के साथ मिलकर अंडरवर्ल्ड की दुनिया की सरगना है।
कुछ लोगों ने उन्हें थिएटर में ही काम करने की सलाह दी थी, लेकिन कीर्ति ने बताया कि महामारी के बाद अब हालात काफी बदल गए हैं।
उन्होंने कहा, "कोविड के बाद से चीजें बहुत बदल गई हैं। वैसे भी मुझे नहीं लगता कि कोई एक माध्यम दूसरे से कम है। दोनों एक-दूसरे के पूरक हैं। यह जरूरी है कि कुछ फिल्में थिएटर में रिलीज हों, कुछ सीरीज और कुछ OTT पर आएं। सच कहूं तो मुझे हर तरह का काम करना पसंद है। लेकिन मैं सिर्फ काम करने के लिए कोई भी चीज नहीं करूंगी।"
'अक्का' में अपने किरदार से खुद को आजमाएंगी कीर्ति
'अक्का' कोई साधारण गैंगस्टर सीरीज नहीं है। इसकी कहानी पेरनूरु नाम के एक काल्पनिक शहर में दिखती है। भवानी का किरदार शांत स्वभाव का है, लेकिन उसमें एक शाही अंदाज भी है, जिसने कीर्ति को अपने दायरे से बाहर आकर काम करने का मौका दिया।
इस सीरीज में राधिका आप्टे और तन्वी आजमी भी अहम भूमिकाओं में हैं। इसका निर्माण नेटफ्लिक्स और YRF एंटरटेनमेंट ने मिलकर किया है।