कार्तिक आर्यन के घुटने में आई गंभीर चोट, अस्पताल में भर्ती; जल्द होगी सर्जरी
क्या है खबर?
कबीर खान के निर्देशन में बन रही फिल्म के सेट पर एक्शन सीन की शूटिंग के दौरान अभिनेता कार्तिक आर्यन गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म के आखिरी 2 दिनों की शूटिंग के तहत बड़े एक्शन सीन फिल्माए जा रहे थे, तभी उनके घुटने में गंभीर चोट आ गई। इसके तुरंत बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें घुटने की सर्जरी कराने और कुछ समय आराम करने की सलाह दी है।
घटना
एक्शन सीन शूट करते वक्त हादसे का शिकार हुए कार्तिक
बताया जा रहा है कि कार्तिक एक्शन कोच के मार्गदर्शन में कड़ा प्रशिक्षण ले रहे थे। एक दृश्य की शूटिंग के दौरान कार्तिक के घुटने में गंभीर चोट आ गई, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया।
प्रोडक्शन से जुड़े एक सूत्र ने इंडिया टुडे को बताया, "कार्तिक फोर्टिस रहेजा अस्पताल में डॉक्टरों की देखरेख में हैं। जल्द उनके घुटने की सर्जरी होगी। इसके बाद कुछ दिनों तक आराम करना होगा, फिर वो अपना काम दोबारा शुरू कर सकेंगे।"
वापसा
सर्जरी के बाद अनुराग बसु की फिल्म से वापसी करेंगे कार्तिक
बता दें कि सर्जरी और रिकवरी के बाद कार्तिक निर्देशक अनुराग बसु की फिल्म पर काम शुरू करेंगे।
कबीर खान संग ये उनकी दूसरी फिल्म है, जिसका नाम अभी तय नहीं हुआ है। इससे पहले दोनों फिल्म 'चंदू चैंपियन' में साथ काम कर चुके हैं, जिसके लिए कार्तिक ने सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार भी जीता था।
इस नई एक्शन फिल्म से कार्तिक अपने प्रोडक्शन हाउस 'डोपामाइन स्टूडियोज' के जरिए निर्माता के रूप में भी कदम रख रहे हैं।
अन्य फिल्में
कार्तिक की ये फिल्में भी कतार में
कार्तिक फिल्म 'नागजिला' में भी नजर आएंगे, जो मृगदीप सिंह लांबा के निर्देशन में बन रही एक फैंटेसी-कॉमेडी-एडवेंचर फिल्म है।
उनके पास फिल्म 'कैप्टन इंडिया' भी है, जिसमें कार्तिक एक देशभक्ति से भरे पायलट के किरदार में दिखेंगे। कार्तिक के पास इस समय कई अलग-अलग जॉनर की बड़ी फिल्में हैं, जिन्हें लेकर फैंस के बीच काफी उत्साह बना हुआ है।
हालांकि, अभी उनकी चोट के कारण इन सभी प्रोजेक्ट्स की शूटिंग में कुछ समय का विलंब हो सकता है।