करिश्मा कपूर कर रही 'ब्राउन' सीरीज से कमबैक, इस किरदार में आएंगी नजर
करिश्मा कपूर एक नए और दमदार रोल के साथ वापसी कर रही हैं। जी5 की आने वाली थ्रिलर सीरीज 'ब्राउन' में वह रीटा ब्राउन नाम की कोलकाता पुलिस अफसर का किरदार निभा रही हैं।
इस शो को अभिनव देव डायरेक्ट कर रहे हैं। यह सीरीज कोलकाता की पृष्ठभूमि पर आधारित गहरी मर्डर मिस्ट्री और व्यक्तिगत संघर्षों की कहानी बताएगी।
करिश्मा के लिए यह भूमिका उनके अब तक के किरदारों से बिल्कुल अलग है। इसमें वह अपने सबसे दमदार और गहन किरदारों में से एक निभा रही हैं।
'ब्राउन' सीरीज किस उपन्यास पर है आधारित
'ब्राउन' अभिक बारुआ के उपन्यास 'सिटी ऑफ डेथ' पर आधारित है। इसमें रीटा ब्राउन की कहानी दिखाई जाएगी, जो शराब की लत से उबर रही एक तेजतर्रार जांच अधिकारी हैं और कोलकाता के एंग्लो-इंडियन समुदाय से आती हैं।
वह एक ताकतवर परिवार से जुड़ी एक युवती की हत्या का मामला सुलझाती हैं। इस सीरीज में अनुभवी अभिनेत्री हेलेन भी लंबे समय बाद पर्दे पर वापसी कर रही हैं।
उनके साथ सोनी रजदान, सूर्य शर्मा और के.के. रैना जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में दिखेंगे। डिग्गी सिसोदिया, सुनयना कुमारी और मयुक घोष ने सीरीज को रूपान्तरित किया है।
'ब्राउन' में कई चौंकाने वाले मोड़ देखने को मिलेंगे और यह जल्द ही जी5 पर स्ट्रीम होगी।