Page Loader
करण जौहर ने कहा- बॉलीवुड में नहीं है रीढ़; दक्षिण भारतीय फिल्मों से की तुलना
करण जौहर ने की बॉलीवुड की आलोचना

करण जौहर ने कहा- बॉलीवुड में नहीं है रीढ़; दक्षिण भारतीय फिल्मों से की तुलना

Dec 10, 2022
11:19 am

क्या है खबर?

बीते कुछ समय से हिंदी सिनेमा की तुलना दक्षिण भारतीय कंटेंट से खूब हो रही है। एक तरफ जहां दक्षिण की फिल्में देश-विदेश में नाम कमा रही हैं, वहीं हिंदी सिनेमा में फ्लॉप फिल्मों की लाइन लगी है। दक्षिण के फिल्ममेकर्स नई-नई कहानियां लेकर आ रहे हैं, वहीं बॉलीवुड में रीमेक बनते जा रहे हैं। इसके लिए इंडस्ट्री की खूब आलोचना भी हो रही है। अब फिल्ममेकर करण जौहर ने हिंदी फिल्म इंडस्ट्री को बिना रीढ़ का बताया है।

बयान

सलीम-जावेद ने दिए बढ़िया किरदार, फिर पता नहीं क्या हुआ- करण

एक कार्यक्रम में करण जौहर ने बताया कि बीते कुछ सालों में बॉलीवुड क्या गलती कर रहा है। उनके मुताबिक अन्य फिल्म इंडस्ट्री के मुकाबले बॉलीवुड में दृढ़ता नहीं है। करण ने कहा, "हम हमेशा बहाव के साथ चलते हैं। 70 के दशक में सलीम-जावेद ने बेहतरीन कंटेंट दिया। हमने किरदार गढ़े। एंगरी हीरो जैसा कॉनसेप्ट सिनेमा में आया। फिर 80 के दशक में पता नहीं क्या हुआ और हमने रीमेक बनाने शुरू कर दिए।"

बयान

बॉलीवुड सिर्फ ट्रेंड पर चलता है- करण

करण की शिकायत है कि बॉलीवुड सिर्फ ट्रेंड पर चलता रहा। उन्होंने कहा, "90 के दशक में 'हम आपके हैं कौन' सुपरहिट हुई और फिर सभी, मैं भी, रोमांस पर कूद पड़े। इस तरह शाहरुख खान बने। हमने 70 की अपनी जड़ें छोड़ दीं। 2001 में 'लगान' को ऑस्कर का नामांकन मिला तो सभी उस तरह की फिल्म बनाने लगे। 2010 में 'दबंग' हिट हुई तो कमर्शियल फिल्में बनने लगीं। यही समस्या है। हममें रीढ़ नहीं है, दृढ़ता नहीं है।"

फिल्में

अपनी फिल्मों के लिए खूब ट्रोल होते हैं करण

करण खुद अवास्तविक फिल्में बनाने के लिए ट्रोल होते हैं। अपनी कंपनी धर्मा प्रोडक्शंस के जरिए वे लगातार बॉलीवुड में बड़ी बजट की फिल्में बना रहे हैं। इनमें हालिया नाम 'ब्रह्मास्त्र' का है। करण ने पिछली बार 2016 की फिल्म 'ऐ दिल है मुश्किल' का निर्देशन किया था। अब 'रॉकी और रानी की प्रेमकहानी' से वह निर्देशन में वापसी कर रहे हैं। इस फिल्म में आलिया भट्ट और रणवीर सिंह मुख्य भूमिका में हैं।

निर्देशक

'रॉकी और रानी' से निर्देशन में वापसी कर रहे करण

करण ने 1998 की फिल्म 'कुछ कुछ होता है' से निर्देशन की शुरुआत की थी। वह 'कभी खुशी कभी गम', 'कभी अलविदा न कहना', 'माई नेम इज खान', 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर' जैसी फिल्मों का निर्देशन कर चुके हैं। वह अपने चैट शो 'कॉफी विद करण' के लिए भी लोकप्रिय हैं। इस शो की शुरुआत 2004 में हुई थी। अब तक इस शो के सात सीजन आ चुके हैं। डिज्नी+हॉटस्टार पर उनके नए शो 'शोटाइम' की घोषणा हो चुकी है।

पोल

आपको करण जौहर इनमें से करण जौहर की कौन सी फिल्म पसंद है?