करण जौहर की 'अजीब दास्तांस' 16 अप्रैल को नेटफ्लिक्स पर होगी रिलीज
निर्माता करण जौहर की इस साल कई फिल्में नेटफ्लिक्स पर रिलीज होने वाली हैं। हाल ही में करण ने नेटफ्लिक्स पर रिलीज होने वाली आगामी फिल्मों और वेब सरीज की सूची जारी की थी। अब करण ने खुद बताया है कि उनकी आगामी फिल्म 'अजीब दास्तांस' 16 अप्रैल को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होने वाली है। करण ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर इस प्रोजेक्ट से संबंधित जानकारी को शेयर किया है।
'अजीब दास्तांस' को चार प्रतिभाशाली निर्देशकों ने मिलकर बनाया- करण
काफी समय से करण की 'अजीब दास्तांस' चर्चा में बनी हुई थी। अब निर्माता ने खुद इसकी रिलीज की अटकलों को खारिज करते हुए इसकी रिलीज डेट की घोषणा कर दी है। करण ने अपने ट्विटर पोस्ट में लिखा, 'एक सामूहिक प्रयास के जरिए धर्म प्रोडक्शन के चार प्रतिभाशाली निर्देशकों के साथ 'अजीब दास्तांस' लेकर आ रहे हैं। इसके जरिए चार व्यक्तिगत कहानियों से आपको रूबरू कराएंगे, जो वास्तविका में बिल्कुल एक दूसरे भिन्न होंगे।'
फिल्म के टीजर में दिखा गजब का सस्पेंस
करण ने फिल्म का ताजा वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर जारी किया है, जिसमें जबरदस्त सस्पेंस देखने को मिला है। इस वीडियो में बताया गया है कि चार कहानियां होंगी और उनमें कई ट्विस्ट देखने को मिलेंगे।
यहां देखिए करण द्वारा शेयर किया गया फिल्म का टीजर
फिल्म के प्रति करण की दिखी उत्सुकता
करण ने अपने एक अन्य पोस्ट में लिखा, 'कुछ कहानियों से आप जरूर रूबरू होते होंगे, लेकिन ये चार कहानियां आपको किसी और दुनिया में ले जाएंगी, जिसके बारे में आपने पहले कभी नहीं सोचा होगा।' करण कहते हैं कि वह इन कहानियों को सिनेमा पर देखने का इंतजार नहीं कर सकते। इस पोस्ट के जरिए उनकी उत्सुकता साफ तौर पर झलक रही है। उन्होंने आगे बताया कि 'अजीब दास्तांस' 16 अप्रैल को केवल नेटफ्लिक्स पर रिलीज होने वाली है।
फिल्म में दिखेंगे ये कलाकार
'अजीब दास्तांस' चार विरोधाभासी कहानियों का संकलन है, जिसमें रिलेशनशिप की जटिलताओं के बारे में दिखाया जाएगा। फिल्म की कहानी में अलग-अलग प्रकार की भावनाएं, प्रेम, ईर्ष्या और रिश्तों में कड़वाहट देखने को मिल सकती है। इस फिल्म का निर्देशन शशांक खेतान, राज मेहता, नीरज घायवान और काइयो ईरानी द्वारा किया गया है। इस फिल्म में फातिमा सना शेख, जयदीप अहलावत, नुशरत भरुचा, अभिषेक बनर्जी, कोंकणा सेन शर्मा, अदिति राव हैदरी जैसे कई कलाकार दिखेंगे।
नेटफ्लिक्स पर कई फिल्में होने वाली हैं रिलीज
नेटफ्लिक्स पर इस साल कई फिल्में रिलीज होने वाली हैं। अभिनेत्री सान्या मल्होत्रा की फिल्म 'पगलैट' 26 मार्च को रिलीज होगी। हाल ही में इसका ट्रेलर जारी किया गया था। राम माधवानी के निर्देशन में बनी फिल्म 'धमाका' में कार्तिक आर्यन अहम भूमिका में दिखेंगे। निर्माता भूषण कुमार की फिल्म 'सरदार का ग्रैंडसन' में अर्जुन कपूर के साथ अभिनेत्री रकुल प्रीत सिंह नजर आएंगी। इसके अलावा फिल्म 'मीनाक्षी सुंदरेश्वर' में सान्या और अभिमन्यु दसानी नजर आएंगे।