'कभी खुशी कभी गम' के 25 साल, करण जौहर ने खोले फिल्म से जुड़े कई राज
क्या है खबर?
निर्माता-निर्देशक करण जौहर ने हाल ही में अपनी फिल्म 'कभी खुशी कभी गम' को लेकर दिल की बात साझा की। उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि इस फिल्म का दर्शकों पर इतना गहरा असर होगा, और उन्हें शक है कि वह जीवन में फिर कभी इसकी विरासत की बराबरी कर पाएंगे। फिल्म के 25 साल पूरे होने के जश्न में आयोजित एक इवेंट में करण ने करीना कपूर के किरदार 'पू' के लिए भी खास प्यार जाहिर किया।
जादू
इस जन्म में भी नहीं कर पाऊंगा बराबरी- करण
PTI के मुताबिक, करण ने कहा, "जब लोग कहते हैं कि वे 'कभी खुशी कभी गम' देखकर बड़े हुए हैं तो यह मुझे अपनी बढ़ती उम्र और प्यार के सच्चे एहसास की याद दिलाता है। हम कलाकार हैं और अपनी विरासत बनाने के लिए काम करते हैं। सच कहूं तो मुझे नहीं पता कि 'कभी खुशी कभी गम' की इस शानदार विरासत की बराबरी कैसे की जाए। शायद इस जन्म में तो मैं खुद भी इसकी बराबरी नहीं कर पाऊंगा।"
किरदार
करण के लिए 'थेरेपी' जैसा था करीना का किरदार 'पू
करण ने बताया कि सेट पर उनके सबसे खुशनुमा पल करीना कपूर के किरदार 'पू' के सीन शूट करते हुए बीते।
फिल्म के भारी दबाव वाले माहौल के बीच उन्होंने इसे अपने लिए 'डिटॉक्स, आराम और थेरेपी' जैसा बताया।
उन्होंने शूटिंग के दौरान करीना से जुड़े 2 यादगार किस्से भी साझा किए, जिसमें लंदन के ब्लूवाटर शॉपिंग सेंटर में एक भावुक सीन को लेकर उनका उत्साह और अंतिम संस्कार के एक सीक्वेंस के दौरान उनके रोने की घटना शामिल थी।
किस्सा
रोने लगीं करीना और हैरान रह गए ऋतिक रोशन
करण ने कहा, "जैसे ही मैंने 'एक्शन' बोला, करीना जोर-जोर से रोने लगीं। मुझे उन्हें रोककर समझाना पड़ा कि ये सीन तुम्हारे लिए नहीं है बेबो, बल्कि ऋतिक रोशन के किरदार के भावुक होने का है, जिसकी मां और भाई 10 साल बाद मिल रहे हैं। तुम इतना क्यों रो रही हो?"
करण ने हंसते हुए बताया कि ये देख ऋतिक हैरान रह गए और उनके चेहरे के हाव-भाव ऐसे थे मानो पूछ रहे हों, "क्या इन्हें इतना रोना है?"
खुलासा
फिल्म से काटे गए थे करीना के किरदार 'पू' के 7 मिनट के सीन
करण ने ये भी बताया कि फाइनल एडिटिंग में उन्हें करीना के किरदार 'पू' के 7 मिनट के सीन काटने पड़े थे।
उन्होंने कहा, "फिल्म 3 घंटे 32 मिनट की थी, इसलिए मुझे 6-7 मिनट काटने पड़े, लेकिन आज ये फिल्म बनाता तो इसे और छोटा रखता।"
'कभी खुशी कभी गम' (2001) को भारतीय सिनेमा की कालजयी फिल्म माना जाता है, क्योंकि इसकी कहानी, भावनाएं और किरदार आज 25 साल बाद भी दर्शकों को उतने ही पसंद आते हैं।