DDLJ की शूटिंग के दौरान करण जौहर को क्यों लगा था सदमा? सालों बाद किया खुलासा
क्या है खबर?
शाहरुख खान और काजोल की कल्ट फिल्म 'दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे' (DDLJ) आज भी लोगों के दिलों में एक खास जगह बनाए हुए है। फिल्म का निर्देशन आदित्य चोपड़ा ने किया था, जबकि करण जौहर उनके साथ सहायक निर्देशक के तौर पर जुड़े थे। हालिया बातचीत के दौरान फिल्म निर्माता ने बताया कि कैसे फिल्म की शूटिंग के दौरान उन्हें गहरा सदमा लगा था, क्योंकि उन्हें मशहूर कोरियोग्राफर सरोज खान के गुस्से का सामना करना पड़ा था।
खुलासा
करण जौहर ने सरोज खान के साथ जुड़े किस्से का खुलासा किया
द हॉलीवुड रिपोर्टर इंडिया के साथ बातचीत में, करण ने बताया कि कैसे 'मेहंदी लगा के रखना' गाने की शूटिंग के दौरान कपड़ों को लेकर गड़बड़ी हुई थी। उन्होंने बताया कि बैकग्राउंड डांसर्स के पास लाल रंग के स्कार्फ की कमी हो गई थी। इस कारण मशहूर कोरियोग्राफ ने उन्हें सबके सामने खूब खरी-खोटी सुनाई थी। करण ने कहा, "उन्होंने सचमुच मुझे धक्का दिया था। कहा, तू जहां जाना चाहता है जा, लाल कपड़ा ला, वरना मैं शूट नहीं करूंगी।"
डर
करण को डर से लगा था सदमा, बताया पसंद नहीं करती थीं सरोज खान
करण ने आगे कहा, "मुझे आज भी गोरेगांव की गलियों में 'लाल कपड़ा! लाल कपड़ा!' चिल्लाते हुए वाला दृश्य याद है। मैं सदमे में था, बहुत ज्यादा सदमे में था, और वह सच में बहुत डरावनी थीं। मतलब, वो सबसे अच्छी थीं। उन्हें किसी तरह मैं पसंद नहीं था। उन्हें मैं कभी पसंद नहीं आया।" बता दें, सरोज का 71 साल की उम्र में 3 जुलाई, 2020 को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया था।