करण औजला का लखनऊ शो क्यों हुआ रद्द? प्रशासन ने खोली 'महंगी टिकटों' की पोल
क्या है खबर?
लोकप्रिय पंजाबी गायक करण औजला के लिए विवादों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। मुंबई में आयोजित उनके हालिया कॉन्सर्ट के दौरान हुए भारी हंगामे और उसके बाद सोशल मीडिया पर मचे बवाल के बाद अब गायक को अपने आगामी दौरों को लेकर एक कड़ा फैसला लेना पड़ा है। आधिकारिक घोषणा के अनुसार, करण के लखनऊ और लुधियाना में होने वाले 2 बड़े कार्यक्रमों को रद्द कर दिया गया है।
कारण
मुंबई की घटना पड़ी भारी
मुंबई कॉन्सर्ट के दौरान जिस तरह से प्रशंसकों और आयोजकों को स्थिति का सामना करना पड़ा, उसने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए और गायक की छवि को भी प्रभावित किया। भारी विरोध और सोशल मीडिया पर नकारात्मक प्रतिक्रियाओं के चलते आयोजकों ने एहतियात के तौर पर लखनऊ और लुधियाना के शो फिलहाल टालने या रद्द करने का फैसला किया है। ये करण औजला के प्रशंसकों के लिए बड़ा झटका है, जो उनके लाइव प्रदर्शन का इंतजार कर रहे थे।
आरोप
खराब प्रबंधन और अव्यवस्था का आरोप
करण वर्तमान में अपने 'पी-पॉप कल्चर इंडिया टूर' पर हैं। उन्होंने 28 फरवरी को दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में शो के साथ इसकी शुरुआत की थी। इसके बाद 3 मार्च को मुंबई के MMRDA ग्राउंड्स में 'होली एडिशन' कॉन्सर्ट के दौरान उन्हें प्रशंसकों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। कॉन्सर्ट में शामिल हुए लोगों ने खराब प्रबंधन, भगदड़ जैसी स्थिति और चिलचिलाती दोपहर की गर्मी में कई लोगों के बेहोश होने के गंभीर आरोप लगाए।
कदम
टिकट खरीदने वाले सभी फैंस को मिलेंगे पैसे वापस
इस विवाद के बीच लखनऊ (10 अप्रैल) और लुधियाना (12 अप्रैल) में होने वाले करण के आगामी शो अब रद्द कर दिए गए हैं। हालांकि, गायक की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन 'डिस्ट्रिक्ट' ऐप, जिस पर टूर के टिकट उपलब्ध थे, अब लखनऊ और लुधियाना के इवेंट्स नहीं दिखा रहा है। ये इनके रद्द होने की पुष्टि करता है, साथ ही ऐप ने खरीदारों को रिफंड की सूचना भी भेज दी है।
वजह
लाखों की टेबल और कम बुकिंग्स के चलते शो हुआ रद्द
लखनऊ के स्थानीय प्रशासन के एक अधिकारी ने कहा, "हां, शहर में होने वाला शो रद्द कर दिया गया है। इसके पीछे कई कारण थे, जिनमें शराब का लाइसेंस न मिल पाना भी शामिल है। निर्धारित मैचों के कारण स्थान की उपलब्धता भी एक मुद्दा था, लेकिन सबसे मुख्य कारण राजस्व का लक्ष्य पूरा न होना था। महंगे टिकट और लाखों रुपये की टेबल होने के कारण शो हाउसफुल नहीं हो पाया, जिसके चलते इसे रद्द करना पड़ा।"
जानकारी
करण औजला को इस गाने ने बनाया स्टार
करण एक जाने-माने पंजाबी गायक और रैपर हैं। उन्हें साल 2018 के हिट गाने 'डोंट वरी' से पहचान मिली थी, लेकिन विक्की कौशल और तृप्ति डिमरी की फिल्म 'बैड न्यूज' के गाने 'तौबा तौबा' ने उन्हें बॉलीवुड में एक बड़ी सफलता और नई लोकप्रियता दिलाई।