ऋषि कपूर के नाम का नहीं हो सकेगा दुरुपयोग, कपूर परिवार ने किया ये नेक काम
क्या है खबर?
ऋषि कपूर के परिवार ने उनके नाम और विरासत को सुरक्षित रखने के लिए कानूनी कदम उठाया है। उन्होंने दिवंगत अभिनेता के अधिकार सुरक्षित कर लिए हैं, जिसका मकसद भविष्य में दुरुपयोग और अनधिकृत व्यावसायिक उपयोग को रोकना है। परिवार द्वारा कॉपीराइट और ट्रेडमार्क सुरक्षा हासिल करने के बाद, अभिनेता के नाम का किसी भी संदर्भ में उपयोग करने से पहले स्वीकृति लेना जरूरी होगा। बता दें, ऋषि कपूर का 30 अप्रैल, 2020 को लॉकडाउन के समय निधन हुआ था।
रक्षा
ऋषि कपूर की विरासत की रक्षा के लिए उठाया गया कदम
इंडिया टुडे के मुताबिक, कपूर परिवार ने हालिया दिनों में दिवंगत अभिनेता के नाम का कॉपीराइट कराने की अनुमति हासिल की है। प्रक्रिय में "ऋषि कपूर" से संबंधित ट्रेडमार्क का पंजीकरण कराना शामिल है। इस बारे में बताते हुए एक सूत्र ने बताया, "कॉपीराइट के अनुसार, ऋषि कपूर नाम का उपयोग करने या किसी भी रूप में इसका उल्लेख करने के इच्छुक किसी भी व्यक्ति को परिवार से पूर्व अनुमति लेनी होगी।"
कार्रवाई
इन फिल्मी सितारों ने भी चुना कानूनी कार्रवाई का विकल्प
दरअसल, सिनेमा जगत में ऐसे मामले तेजी से देखे जा रहे हैं, जिसमें मशहूर हस्तियों के नाम या उनकी तस्वीरों का अक्सर व्यावसायिक फायदा उठाने के लिए इस्तेमाल किया जाता है। यही कारण है कि अब तक कई फिल्मी सितारों ने अपनी पहचान काे दुरुपयोग से बचाने के लिए कानूनी कार्रवाई का विकल्प चुना है। इनमें जैकी श्रॉफ, सलमान खान, काजोल, शत्रुघ्न सिन्हा, ऐश्वर्या राय, अभिषेक बच्चन, करण जौहर, अनिल कपूर औरअमिताभ बच्चन के नाम शामिल हैं।