भारत में CTV का तूफान, हर महीने 16.6 करोड़ दर्शक जुड़े; बदल रही मनोरंजन की दुनिया
भारत में कनेक्टेड टीवी (CTV) का क्रेज बढ़ता जा रहा है। साल 2026 की शुरुआत तक हर महीने 16.6 करोड़ लोग इसे देख रहे हैं, जो पिछले साल के मुकाबले 23 प्रतिशत ज्यादा है।
केंटर की 'मीडिया कंपास रिपोर्ट' बताती है कि CTV अब मनोरंजन का एक अहम माध्यम बन गया है। इसकी वजह से विज्ञापनदाता अब सिर्फ सामान्य टीवी तक सीमित नहीं, बल्कि ज्यादा से ज्यादा दर्शकों तक अपनी बात पहुंचा पा रहे हैं।
लगभग 5.9 करोड़ लोग सिर्फ CTV का करते हैं इस्तेमाल
CTV देखने वाले करीब 36 प्रतिशत दर्शक, यानी 5.9 करोड़ लोग, सिर्फ इसी प्लेटफॉर्म पर कंटेंट देखते हैं। यह दिखाता है कि दर्शकों की देखने की आदतें कितनी तेजी से बदल रही हैं।
ज्यादातर दर्शक NCCS A ग्रुप से आते हैं, जिसकी वजह से CTV प्रीमियम विज्ञापनों के लिए एक खास जगह बन गया है। दर्शकों में महिला और पुरुष लगभग बराबर संख्या में हैं और करीब आधे लोग 25 से 44 साल की उम्र के हैं, जिसका मतलब है कि CTV युवा दर्शकों को भी अपनी ओर खींच रहा है।
इसके अलावा, एक-तिहाई दर्शक ग्रामीण इलाकों में रहते हैं, जिससे पता चलता है कि CTV की पहुंच लगातार बढ़ रही है।