LOADING...
'कन्नप्पा' से लेकर 'रामायण' तक, काजल अग्रवाल की इन फिल्मों का इंतजार कर रहे दर्शक
काजल अग्रवाल की इन फिल्मों का इंतजार कर रहे दर्शक (तस्वीर: इंस्टाग्राम/@kajalaggarwalofficial)

'कन्नप्पा' से लेकर 'रामायण' तक, काजल अग्रवाल की इन फिल्मों का इंतजार कर रहे दर्शक

Jun 19, 2025
10:01 am

क्या है खबर?

काजल अग्रवाल की गिनती उन अभिनेत्रियों में होती है, जिन्होंने अपनी उम्दा अदाकारी से दर्शकों के बीच में अलग जगह बनाई है। वे जब भी पर्दे पर नजर आती हैं, लोगों का दिल जीतने में कामयाब रहती हैं। काजल ने न सिर्फ साउथ, बल्कि बॉलीवुड में भी खूब नाम कमाया है। उन्होंने एक से बढ़कर एक हिट फिल्मों में काम किया है। 19 जून को काजल 40 साल की हो गई हैं। आइए उनकी आगामी फिल्मों के बारे में जानें।

#1

'कन्नप्पा'

पिछली बार काजोल फिल्म 'सिकंदर' में दिखी थीं और अब वह 'कन्नप्पा' के जरिए दर्शकों का मनोरंजन करती हुई नजर आएंगी। मुकेश कुमार सिंह के निर्देशन में बनी इस फिल्म में काजल माता पार्वती की भूमिका निभा रही हैं। अक्षय कुमार, विष्णु मांचू, मोहन बाबू और प्रभास भी इस फिल्म का हिस्सा हैं। 'कन्नप्पा' को 27 जून, 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा। इस फिल्म को आप हिंदी के साथ तमिल और तेलुगू भाषा में देख पाएंगे।

#2

'रामायण'

काजल के पास फिल्म 'रामायण' भी हैं, जिसके निर्देशन की कमान नितेश तिवारी ने संभाली है। काजल इस फिल्म में मंदोदरी (रावण की पत्नी) का किरदार निभा रही हैं, वहीं रावण की भूमिका के लिए सुपरस्टार यश को चुना गया है। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका निभाएंगे, वहीं माता सीता के किरदार के लिए साई पल्लवी के नाम पर मुहर लगी है। 'रामायण' का पहला भाग दिवाली, 2026 में रिलीज किया जाएगा।

#3

'इंडियन 3'

काजल की 'इंडियन' की तीसरी किस्त भी कतार में है, जिसका दर्शक बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इस फिल्म के निर्देशक एस शंकर हैं, जिन्होंने 'इंडियन' (1996) और 'इंडियन 2' (2024) का निर्देशन भी किया था। काजल के अलावा इस फिल्म में कमल हासन, एसजे सूर्या और सिद्धार्थ जैसे कलाकार भी मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। यह फिल्म अगले साल सिनेमाघरों में रिलीज हो सकती है। फिलहाल इसकी रिलीज तारीख सामने नहीं आई है।

#4

'द इंडिया स्टोरी'

काजल की फिल्म 'द इंडिया स्टोरी' का भी दर्शक बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इसमें उनकी जोड़ी श्रेयस तलपड़े के साथ बनी है। इस फिल्म का निर्देशन चेतन डीके कर रहे हैं, वहीं सागर बी शिंदे इसके निर्माता हैं। फिल्म की शूटिंग लगभग खत्म हो चुकी है। यह फिल्म इस साल स्वतंत्रता दिवस के खास मौके पर यानी 15 अगस्त, 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। बॉक्स ऑफिस पर 'द इंडिया स्टोरी' का सामना 'वॉर 2' से होगा।