LOADING...
अल्लू अरविंद पर भड़के सुपरस्टार यश के प्रशंसक, 'KGF' पर उठाया था सवाल
अल्लू अरविंद की हो रही आलोचना

अल्लू अरविंद पर भड़के सुपरस्टार यश के प्रशंसक, 'KGF' पर उठाया था सवाल

Nov 08, 2023
07:11 pm

क्या है खबर?

दक्षिण भारत के जाने माने निर्माता अल्लू अरविंद की सोशल मीडिया पर एक बयान के कारण खूब आलोचना हो रही है। एक बातचीत के दौरान अरविंद फिल्मों के बड़े बजट पर बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि किसी फिल्म को ब्लॉकबस्टर बनाने के लिए सिर्फ किसी सुपरस्टार का चेहरा काफी नहीं है। इसके साथ उन्होंने 'KGF' का उदाहरण दिया और कहा कि फिल्म से पहले यश बड़ा नाम नहीं थे। इस पर यश के प्रशंसक भड़क गए।

खबर

फिल्मों के बड़े बजट पर बात कर रहे थे अरविंद

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, एक कार्यक्रम में अल्लू से पूछा गया कि उनकी कंपनी 'गीता आर्ट्स' अब बड़े बजट की फिल्में क्यों नहीं बना रही है। इसके जवाब में उन्होंने कहा कि इसका मुख्य कारण बजट है। उन्होंने यह भी सवाल किया कि सितारे फिल्मों के लिए बड़ी रकम क्यों लेते हैं? इस पर बड़ी रकम लेने वाले सितारों में उनके बेटे अल्लू अर्जुन और उनके परिवार के अन्य सितारों का उन्हें उदाहरण दिया गया।

फीस

सिर्फ सितारों की फीस से नहीं बढ़ता बजट- अरविंद

अरविंद ने माना कि सितारों की फीस फिल्मों के बड़े बजट की एकमात्र वजह नहीं है। उन्होंने कहा, "फिल्म के मुख्य अभिनेता की फीस बजट का 20-25 प्रतिशत होती है। इसलिए ऐसा नहीं है कि फिल्मों का बजट सिर्फ सितारों की फीस के कारण बढ़ता है। अभिनेताओं की फीस के अलावा भी एक फिल्म को बड़ा बनाने में बहुत पैसा खर्च किया जाता है।" अरविंद का मानना है कि फिल्म का स्तर बड़ा होगा, तभी सितारे कुछ कर पाएंगे।

Advertisement

यश

'KGF' के पहले क्या थे यश?- अरविंद

अरविंद ने 'KGF' और यश का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा, "KGF के पहले यश क्या थे? फिल्म की इतनी चर्चा क्यों हुई? वह फिल्म का स्तर इसलिए बढ़ा सके, क्योंकि फिल्म को बड़े स्तर पर बनाया गया था। फिल्म अपनी भव्यता के कारण इतनी सफल हुई थी। फिल्म का हीरो कोई भी हो, यह फिल्म बनाने की प्रक्रिया है, जो दर्शकों को आकर्षित करती है।" उन्होंने कहा कि सिर्फ बड़े चेहरे से नहीं होता, फिल्म अच्छी बनी होनी चाहिए।

Advertisement

आलोचना 

सोशल मीडिया पर हो रहे ट्रोल

इस बयान के बाद अरविंद यश के प्रशंसकों के निशाने पर आ गए। एक्स पर यश के एक प्रशंसक ने लिखा, "आप इस मानसिकता से बाहर आइए और सच को स्वीकार करिए।" कई लोगों ने अल्लू अर्जुन को घेर लिया और उन पर वंशवाद का आरोप लगाया। यश के बचाव में प्रशंसकों ने कहा कि 'KGF' के पहले भी यश स्टार थे। इस पर यश ने अब तक अपनी कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस

साल 2018 में रिलीज हुई फिल्म 'KGF' ने दुनियाभर के बॉक्स ऑफिस पर 250 करोड़ रुपये का कारोबार किया। इस फिल्म से यश दुनियाभर के दर्शकों के बीच छा गए थे। फिल्म का दूसरा भाग 14 अप्रैल, 2022 में रिलीज हुआ था।

Advertisement