बॉक्स ऑफिस पर बढ़ी कंगना रनौत की 'भारत भाग्य विधाता' की रफ्तार, जानिए दूसरे दिन का कारोबार
कंगना रनौत की नई फिल्म 'भारत भाग्य विधाता' की कमाई में बॉक्स ऑफिस पर एक अच्छा उछाल देखने को मिला है। फिल्म ने अपने रिलीज के दूसरे दिन 1.45 करोड़ रुपये की कमाई की, जो पहले दिन के मुकाबले 45 फीसदी ज्यादा है। इस शानदार बढ़त के साथ भारत में फिल्म का 2 दिनों का कुल कारोबार 2.45 करोड़ रुपये हो गया है। ट्रेड रिपोर्ट्स के मुताबिक, सिनेमाघरों में शाम के शोज के दौरान दर्शकों की बढ़ती भीड़ ही फिल्म की कमाई में आए इस बड़े उछाल की मुख्य वजह बनी है।
हरियाणा ने 'भारत भाग्य विधाता' को किया टैक्स-फ्री
हरियाणा के मुख्यमंत्री ने जब फिल्म को टैक्स-फ्री घोषित किया तो इसे और भी ज्यादा पहचान मिली। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर कहा, "मैंने कहा है कि ऐसी फिल्में जो हमें प्रेरित करती हैं, उन्हें हम सबको देखना चाहिए। हम हरियाणा में इसे टैक्स-फ्री घोषित कर रहे हैं, क्योंकि ये हमें प्रेरित करती है और हमारे कर्तव्यों का अहसास कराती है।"
मुख्यमंत्री के इस फैसले पर कंगना ने उनका आभार व्यक्त किया। मनोज तपड़िया के निर्देशन में बनी 'भारत भाग्य विधाता' 26/11 के मुंबई हमलों के दौरान मेडिकल स्टाफ के बलिदान की कहानी दिखाती है।