Page Loader
कंगना रनौत के थप्पड़ कांड पर स्वरा भास्कर बोलीं- कम से कम वो जिंदा तो हैं
स्वरा भास्कर ने कंगना के थप्पड़ कांड पर कही ये बात (तस्वीर: इंस्टाग्राम/@reallyswara)

कंगना रनौत के थप्पड़ कांड पर स्वरा भास्कर बोलीं- कम से कम वो जिंदा तो हैं

Jun 15, 2024
06:08 pm

क्या है खबर?

अभिनेत्री कंगना रनौत ने भले ही बॉलीवुड से राजनीति जगत का रुख कर लिया हो, लेकिन विवाद उनका पीछा नहीं छोड़ रहे हैं। आजकल वह अपने थप्पड़ कांड को लेकर सुर्खियों में बनी हुई हैं। सियासी और बॉलीवुड जगत की कई हस्तियां उनके इस विवाद पर टिप्पणी कर चुकी हैं और अब अभिनेत्री स्वरा भास्कर ने भी चुप्पी तोड़ दी है, जिनके साथ कंगना का छत्तीस का आंकड़ा रहा है। आइए जानते हैं क्या कुछ बोलीं स्वरा।

बयान

"कंगना को तो सिर्फ थप्पड़ पड़ा"

कनेक्ट्स सिने से स्वरा ने कहा, "कोई भी समझदार व्यक्ति होगा तो वो यही कहेगा कि जो कंगना के साथ हुआ, वो गलत हुआ। मुझे लगता है कि ऐसा कोई नहीं होगा, जो हिंसा को जायज ठहराएगा। जो कंगना के साथ हुआ वो ठीक नहीं हुआ और उनके साथ ये नहीं होना चाहिए था। किसी को भी मारना सही नहीं है। हालांकि, कंगना को तो सिर्फ थप्पड़ पड़ा, लेकिन कम से कम वह जिंदा तो हैं।"

दो टूक

देश में लोगों ने जान गंवाई है- स्वरा

स्वरा कहती हैं, "कंगना के पास सुरक्षा है। इस देश में लाेगों ने अपनी जान गंवाई है। उन्हें मारा गया है। कइयों को ट्रेन में सुरक्षाकर्मियों ने ही गोली मार दी। कैमरा में रिकॉर्ड हुआ कि दंगे में सुरक्षाकर्मी लोगों को पीट रहे हैं। जो लोग इन सब चीजों को सही कह रहे हैं, वो कंगना के मामले में हमें न सिखाएं। कंगना को जिसने थप्पड़ मारा, उसे सस्पेंड कर दिया गया है। इस मामले में इंसाफ मिल चुका है।"

पुराने ट्वीट

स्वरा ने कंगना के पुराने ट्वीट का भी किया जिक्र

स्वरा ने कंगना के पुराने ट्वीट का जिक्र भी किया, जिसमें उन्होंने क्रिस राॅक को थप्पड़ मारने के लिए विल स्मिथ का बचाव किया था। वह बोलीं, "कंगना ने खुद अपने प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल हिंसा का समर्थन करने के लिए किया है। इसके लिए उन्हें एक्स पर बैन भी किया गया। स्मिथ ने जब क्रिस को थप्पड़ मारा था तो उसे भी कंगना ने सही ठहराया था। कंगना की मां या बहन के साथ ऐसा दुर्व्यवहार होता तो क्या होता।"

रिश्ता

कंगना और स्वरा की एक समय थी अच्छी दोस्ती

कंगना और स्वरा ने 2011 में आई 'तनु वेड्स मनु' और 2015 में आई फिल्म 'तनु वेड्स मनु रिटर्न्स' में साथ काम किया था। उस वक्त दोनों का काफी अच्छा तालमेल था। हालांकि, कुछ समय बाद उनके रिश्ते खराब हो गए। 2021 से ही एक्स पर दोनों के बीच जुबानी जंग चल रही है। सुशांत सिंह राजपूत के निधन के बाद कंगना ने स्वरा पर 'बॉलीवुड माफिया' का बचाव करने का आरोप लगाया था।

खुशखबरी

पिछले साल सितंबर में मां बनी थीं स्वरा

स्वरा ने 23 सितंबर, 2023 को अपने पति फहाद अहमद के साथ एक बच्ची का स्वागत किया था। दोनों ने अपनी बेटी का नाम राबिया रखा था। स्वरा ने पिछले साल फरवरी में एक्स पर अपनी शादी का ऐलान किया था और उनके पोस्ट ने सबको चौंका दिया था। अभिनेत्री ने एक वीडियो साझा किया था, जिसमें उन्होंने कोर्ट मैरिज की झलक दिखाई थी। उन्होंने बताया ेथा कि वह 6 जनवरी को शादी के बंधन में बंध चुकी थीं।