कंगना रनौत की 'भारत भाग्य विधाता' का दमदार मोशन पोस्टर रिलीज, कब पर्दे पर आएगी फिल्म?
क्या है खबर?
कंगना रनौत एक बार फिर बड़े पर्दे पर एक बेहद शक्तिशाली और अनसुनी कहानी लेकर आ रही हैं। उनकी नई फिल्म 'भारत भाग्य विधाता- द अनसीन हीरोज' का आधिकारिक ऐलान हो चुका है और निर्माताओं ने इसका बेहद दमदार मोशन पोस्टर भी रिलीज कर दिया है। 'कुछ खास करके, आम ही कहलाते... वो दिखते तो हैं, पर नजर नहीं आते...' जैसे दिल छू लेने वाले डायलॉग के साथ आया ये पोस्टर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर छा गया है।
ऐलान
अगले महीने इस तारीख को सिनेमाघरों में आएगी 'भारत भाग्य विधाता'
निर्माताओं ने फिल्म का मोशन पोस्टर जारी करते हुए इसकी रिलीज तारीख का ऐलान भी कर दिया है। 'द अनसीन हीरोज' की थीम पर आधारित इस फिल्म में कंगना लीड रोल में नजर आएंगी। ये फिल्म अगले महीने 12 जून, 2026 को सीधे सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है।
फिल्म का मोशन पोस्टर आ चुका है, जिसने दर्शकों के बीच फिल्म की रिलीज को लेकर उत्सुकता को दोगुना कर दिया है।
ट्विटर पोस्ट
यहां देखिए मोशन पोस्टर
#KanganaRanaut gets all fierce as she steps in as an “Unseen Hero” in #BharatBhhagyaViddhaata#TheUnseenHeroes
— Joginder Tuteja (@Tutejajoginder) May 28, 2026
Film releases in theaters on 12th June.@KanganaTeam @jayantilalgada #ManojTapadia @PenMovies #PenMarudhar @ManikarnikaFP pic.twitter.com/bE1POiWak3
कहानी
कंगना की फिल्म में दिखेगी अस्पताल के 'अदृश्य नायकों' की कहानी
कंगना अभिनीत ये फिल्म अस्पताल के गलियारों के भीतर अपनी भावनात्मक कहानी को बुनती है, और उन लोगों पर ध्यान केंद्रित करती है जो अक्सर जनता की यादों में ओझल रह जाते हैं: नर्स, वार्ड बॉय, सफाईकर्मी, लिफ्ट ऑपरेटर, सुरक्षा कर्मचारी और प्रशासक।
ये मोशन पोस्टर इन रोजमर्रा के किरदारों को सम्मानित करता है, जो उस वक्त भी जिंदगी की रफ्तार को बनाए रखते हैं, जब बाहरी दुनिया में आतंक, घबराहट और अराजकता का माहौल होता है।
बयान
क्या बोलीं कंगना?
कंगना ने कहा, "सच्ची बहादुरी किसी पदक, अनुमति या मेडल के वादे का इंतजार नहीं करती। इस मोशन पोस्टर का हर एक फ्रेम हमें उन लोगों की आंखों में देखने पर मजबूर करता है, जिन्होंने बिना किसी वाहवाही की उम्मीद किए अपना सब कुछ न्योछावर कर दिया। मुझे एक ऐसी फिल्म का हिस्सा बनने पर बेहद गर्व महसूस हो रहा है, जो उनके इस सच को दुनिया के सामने लेकर आ रही है।"
साहस
स्क्रीन पर दिखेगा बहादुरी का वो रूप, जिसे दिखाना सबसे मुश्किल
फिल्म के लेखक-निर्देशक मनोज तापड़िया के मुताबिक, किसी संकट या त्रासदी पर बनी फिल्म में तबाही और गोलाबारी दिखाना सबसे आसान काम है, लेकिन वे अपनी फिल्म 'भारत भाग्य विधाता' में इस घिसे-पिटे ढर्रे से हटकर बहादुरी और साहस की उस मूक भावना को दिखाना चाहते थे, जिसे पर्दे पर उतारना कहीं ज्यादा मुश्किल है।
कंगना के अलावा 'भारत भाग्य विधाता' में गिरिजा ओक, स्मिता तांबे और अमृता नामदेव भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं। कंगना फिल्म की सह-निर्माता भी हैं।