आर माधवन ने चांद तक पहुंचने वाली युवा नायक को किया सलाम, जानिए क्या बोले?
अभिनेता आर माधवन ने आंध्र प्रदेश की रहने वाली 14 साल की कंडुला जेसी की तारीफ की है, जो एक बढ़ई की बेटी हैं और उन्हें लड़कियों के एक ग्लोबल लूनर सैटेलाइट मिशन के लिए 12 हजार आवेदकों में से चुना गया है।
वे 'मिशन शक्तिसैट' नामक प्रोजेक्ट का हिस्सा बनने जा रही हैं।
यह दुनिया का पहला अंतर्राष्ट्रीय 'ऑल-गर्ल्स लूनर क्यूबसैट' प्रोजेक्ट है। पूरे भारत से सिर्फ 20 छात्राओं को इस प्रोजेक्ट के लिए चुना गया है और जेसी उनमें से एक हैं।
इन 20 छात्राओं का चुनाव दुनिया भर के 108 देशों से मिले लगभग 12,000 आवेदनों में से हुआ है। सबसे खास बात यह है कि वह अपने राज्य आंध्र प्रदेश से चुनी जाने वाली इकलौती छात्रा हैं।
जेसी ट्रेनिंग के लिए दिल्ली होंगी रवाना
जेसी 23 अगस्त को ट्रेनिंग के लिए नई दिल्ली रवाना होंगी। इसके बाद 11 अक्टूबर को श्रीहरिकोटा से इस सैटेलाइट का प्रक्षेपण किया जाएगा।
जेसी को यह अवसर ऑनलाइन कोर्स पूरा करने, वैज्ञानिकों और प्रोग्राम अधिकारियों के साथ एक घंटे के इंटरव्यू में शामिल होने और एक छोटा प्रेजेंटेशन रिकॉर्ड करने के बाद मिला है।
एक सामान्य परिवार से आने वाली जेसी के पिता बढ़ई का काम करते हैं। इसके बावजूद उनका सबसे बड़ा सपना ISRO में वैज्ञानिक बनकर देश की सेवा करना है।
उनकी शिक्षिका मनीमाला ने उनके विज्ञान के प्रति लगाव को बढ़ाया और उन्हें इस प्रोजेक्ट से जुड़ने में खूब सहयोग किया।