जानिए वन्यजीव डॉक्यूमेंट्री 'वाइल्ड तमिलनाडु' यूट्यूब पर कब होगी प्रीमियर?
कल्याण वर्मा की नई वन्यजीव डॉक्यूमेंट्री 'वाइल्ड तमिलनाडु' 5 जुलाई को यूट्यूब पर प्रीमियर होने वाली है। इस फिल्म को अरविन्द स्वामी ने अपनी आवाज दी है और सुंदराम फास्टनर्स ने अपने CSR कार्यक्रम के तहत इसका समर्थन किया है।
यह फिल्म तमिलनाडु की शानदार जैव विविधता और प्राकृतिक विरासत को गहराई से दिखाती है। इसे बनाने में नेचर इन फोकस और तमिलनाडु वन विभाग ने भी सहयोग किया है।
एक घंटे की फिल्म में दिखाई जाएगी तमिलनाडु की वन्यजीव
इस एक घंटे की फिल्म में हाथी, तेंदुए, जुगनू और यहां तक कि दुर्लभ मद्रास हेजहॉग जैसे जीवों की मनमोहक तस्वीरें दिखाई गई हैं।
यह फिल्म यह भी दिखाती है कि तमिलनाडु में इंसान और प्रकृति किस तरह एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं। इसे बनने में पूरे 4 साल लगे हैं और इसमें ग्रैमी विजेता रिकी केज ने संगीत दिया है। यह फिल्म अंग्रेजी और तमिल, दोनों भाषाओं में उपलब्ध होगी।
सुंदराम फास्टनर्स लिमिटेड की प्रबंध निदेशक आरती कृष्णा ने बताया कि कंपनी को उम्मीद है कि यह फिल्म दर्शकों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रेरित करेगी।