LOADING...
काजोल की 5 सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्में, 'तान्हाजी: द अनसंग वॉरियर' पहले स्थान पर
काजोल की 5 सबसे कमाऊ फिल्में (तस्वीर: एक्स/@itsKajolD)

काजोल की 5 सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्में, 'तान्हाजी: द अनसंग वॉरियर' पहले स्थान पर

Aug 05, 2025
12:42 pm

क्या है खबर?

काजोल किसी पहचान की मोहताज नहीं हैं। वह पिछले 33 वर्षों से बॉलीवुड में सक्रिय हैं और उन्होंने अपने अभिनय के दम पर अलग मुकाम हासिल किया है। काजोल ने 16 साल की उम्र में बॉलीवुड में कदम रखा था और फिर कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। अपने अब तक के करियर में वह कई सुपरहिट फिल्मों का हिस्सा रहीं। काजोल 51 साल की हो गई हैं। आइए उनकी 5 सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों के बारे में जानें।

#1

'तान्हाजी: द अनसंग वॉरियर' 

काजोल के करियर की सबसे कमाऊ फिल्म 'तान्हाजी: द अनसंग वॉरियर' है, जिसका निर्देशन ओम राउत ने किया था। यह फिल्म 10 जनवरी, 2020 को रिलीज हुई थी। इसमें काजोल की जोड़ी उनके पति और अभिनेता अजय देवगन के साथ बनी थी। 'तान्हाजी' ने बॉक्स ऑफिस पर 279.59 करोड़ रुपये का कारोबार किया था, जबकि इस फिल्म को बनाने में केवल 150 करोड़ रुपये लगे थे। इस फिल्म को आप जियो हॉटस्टार पर देख सकते हैं।

#2

'दिलवाले'

काजोल की दूसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म 'दिलवाले' है, जिसमें उनके जोड़ीदार शाहरुख खान थे। कृति सैनन और वरुण धवन ने भी इसमें अपनी अदाकारी का तड़का लगाया है। रोहित शेट्टी ने फिल्म का निर्देशन किया था। यह फिल्म 18 दिसंबर, 2025 को रिलीज हुई थी और इसने दर्शकों का जमकर मनोरंजन किया। केवल 2 करोड़ रुपये की लागत में बनी फिल्म 'दिलवाले' ने भारत में 148.42 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। यह फिल्म नेटफ्लिक्स पर है।

#3

'माई नेम इज खान'

करण जौहर के निर्देशन में बनी फिल्म 'माई नेम इज खान' ने भी बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन किया था। साल 2010 में आई इस फिल्म के हीरो शाहरुख थे। जिमी शेरगिल और जरीना वहाब ने भी इस फिल्म में अभिनय किया था। 'माई नेम इज खान' ने टिकट खिड़की पर 82.78 करोड़ रुपये जुटाए थे, जबकि इस फिल्म का बजट 85 करोड़ रुपये था। बता दें कि नेटफ्लिक्स पर यह फिल्म देखी जा सकती है।

#4

'कभी खुशी कभी गम'

काजोल की फिल्म 'कभी खुशी कभी गम' को 14 दिसंबर, 2001 को रिलीज किया गया था। काजोल के अलावा इसमें अमिताभ बच्चन, जया बच्चन, शाहरुख, ऋतिक रोशन और करीना कपूर जैसे कलाकार भी नजर आए थे। फिल्म के निर्देशक करण जौहर हैं। 'कभी खुशी कभी गम' ने बॉक्स ऑफिस पर 54.86 करोड़ रुपये की कमाई की थी। इस फिल्म को बनाने में 40 करोड़ रुपये लगे थे। इस फिल्म को भी आप नेटफ्लिक्स पर देख सकते हैं।

#5

'दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे'

आदित्य चोपड़ा के निर्देशन में बनी फिल्म 'दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे' को काफी पसंद किया गया था। फिल्म में काजोल और शाहरुख की जोड़ी ने दर्शकों का दिल जीत लिया था। साल 1995 में आई यह बॉलीवुड की यादगार फिल्मों में से एक है। 'दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे' ने बॉक्स ऑफिस पर 53.32 करोड़ रुपये बटोरे थे। इस फिल्म का बजट केवल 4 करोड़ रुपये था। इस फिल्म को आप अमेजन प्राइम वीडियो पर देख सकते हैं।