काजल अग्रवाल के पास गिरी थी 100 फीट ऊंची क्रेन, ऐसे बची जान
क्या है खबर?
अभिनेत्री काजल अग्रवाल ने हाल ही में उस भयावह रात को याद किया, जब चेन्नई में कमल हासन की फिल्म 'इंडियन 2' की शूटिंग के दौरान क्रेन हादसा हुआ था। इस दुर्घटना में 3 लोगों की जान चली गई थी। ह्यूमन्स ऑफ बॉम्बे के साथ बातचीत में काजल ने उस रात की पूरी घटना के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि उन्हें आज भी लगता है कि किसी दैवीय शक्ति के हस्तक्षेप की वजह से उनकी जान बच गई थी।
याद
काजल ने 'इंडियन 2' के सेट के हादसे को किया याद
काजल ने कहा, "यह खबर में भी आया था, 'इंडियन 2' के सेट पर एक बहुत बड़ा हादसा हुआ था। वहां 100 फुट ऊंची एक क्रेन गिर गई थी, जिसमें 3 लोगों की जान चली गई थी। अगर कोई सबसे पहले चपेट में आता, तो वह मैं ही होती। सच कहूं तो, मुझे नहीं पता कि मैं कैसे बच गई, लेकिन किसी ने मेरा हाथ पकड़कर मुझे बाहर खींच लिया था।"
मामला
क्या था पूरा मामला?
काजल ने बताया कि एक रात के शूट के दौरान पूरी कास्ट और क्रू एक बहुत बड़ा एक्शन सीक्वेंस शूट कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि सभी कलाकार एक टेंट जैसे सेटअप में मॉनिटर के पीछे बैठे थे, तभी अचानक सब लोग भागने लगे।
80 साल की बुजुर्ग महिला जैसा दिखने के लिए प्रोस्थेटिक मेकअप किए हुए काजल भी, बिना यह जाने कि क्या हो रहा है, भागने लगीं। अफरा-तफरी में, वह गलती से एक कंसोल टेबल से टकरा गईं।
डर
क्रेन को गिरते देख काजल हो गई थीं सुन्न
काजल ने आगे कहा, "तभी मैंने सोचा, 'मैं आखिर किस चीज से भाग रही हूं?' फिर मैंने पीछे मुड़कर देखा, तो 100 फुट ऊंची एक क्रेन मेरी तरफ गिर रही थी। यह सब पलक झपकते ही हो गया था। क्रेन को गिरते देख मैं डर के मारे सुन्न हो गई थी। तभी किसी ने मुझे उस टेंट से बाहर खींच लिया और क्रेन ठीक मेरे बगल में आ गिरी। मैं उसे देख रही थी और बुरी तरह कांप रही थी।"
घटना
इस घटना से काजल का परिवार बुरी तरह सहम गया
काजल कहती हैं, "मेरे आस-पास कोई नहीं था। मेरा स्टाफ दौड़ता हुआ आया और मेरा हाल पूछा। मैंने उनसे पूछा कि क्या उन्होंने मुझे बाहर निकाला है, लेकिन वे सब तो दूर थे। मैं सोचने लगी कि आखिर मुझे किसने बाहर निकाला। इस घटना से मेरा परिवार बुरी तरह सहम गया था।"
काजल को फिलहाल नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी 'रामायण' में मंदोदरी के किरदार में देखा जा रहा है।