ड्वेन जॉनसन की 'जुमांजी 3' के लिए करना होगा इंतजार, आगे बढ़ी रिलीज तारीख
क्या है खबर?
'द रॉक' के नाम से लोकप्रिय अभिनेता ड्वेन जॉनसन इस वक्त आगामी फिल्म 'मोआना' को लेकर चर्चा में हैं जिसका ट्रेलर हाल ही में जारी किया गया। इस बीच, उनकी अगली एडवेंचर-ड्रामा फिल्म 'जुमांजी 3' को लेकर नया अपडेट सामने आया है। कुछ दिन पहले अभिनेता ने शूटिंग के कुछ दृश्य साझा किए थे जिस देखकर फैंस उत्साहित हो गए थे। अब हालिया रिपोर्ट में बताया गया है कि 'जुमांजी 3' की रिलीज तारीख को आगे खिसकाया गया है।
रिलीज
2 हफ्ते आगे बढ़ेगा दर्शकों का इंतजार
'जुमांजी 3' को 11 दिसंबर, 2026 को रिलीज किया जाना था, लेकिन अब इसे 2 हफ्ते आगे बढ़ा दिया गया है। फिल्म अब क्रिसमस के मौके पर 24 दिसंबर को सिनेमाघरों का रुख करेगी। यह बदलाव दिसंबर के मध्य में रिलीज होने वाली कई फिल्मों के बीच आया है, क्योंकि निर्माता बड़ी फिल्मों के साथ होने वाले टकराव से बचना चाहते हैं। दरअसल, 18 दिसंबर को अन्य बहुप्रतीक्षित फिल्में 'ड्यून: पार्ट थ्री' और 'एवेंजर्स: डूम्सडे' रिलीज हो रही है।
फिल्म
'जुमांजी 3' के साथ लौटेंगे पुराने चेहरे
'जुमांजी 3' के जरिए केविन हार्ट, जैक ब्लैक और करेन गिलन भी अपने-अपने किरदारों में वापसी कर रहे हैं। डैनी डेविटो, निक जोनास, मारिन हिंकल, बेबे न्यूविर्थ, लैमोर्न मॉरिस और राइस डार्बी जैसे सितारे भी इसका हिस्सा हैं। फिल्म का निर्देशन जेक कासडन कर रहे हैं, जबकि निर्माण सोनी पिक्चर्स द्वारा किया जा रहा है। इससे पहले फ्रैंचाइजी की 2 किस्तें 'जुमांजी: वेलकम टू द जंगल', 'जुमांजी: द नेक्स्ट लेवल' 2017 और 2019 में रिलीज हो चुकी हैं।