मशहूर 'जूस अंकल' अभिनेता पार्क डोंग-बिन की मौत, अपने ही रेस्तरां में मिला शव
मशहूर 'जूस अंकल' मीम से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने वाले दक्षिण कोरियाई अभिनेता पार्क डोंग-बिन अब हमारे बीच नहीं रहे। 56 वर्षीय अभिनेता का शव प्योंगटेक स्थित उनके उस रेस्तरां में मिला, जिसे वह जल्द ही शुरू करने वाले थे।
पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है, हालांकि शुरुआती जांच में मौके से न तो कोई सुसाइड नोट मिला है और ना ही किसी तरह की आपराधिक गतिविधि या गड़बड़ी के सबूत मिले हैं। उनके अचानक चले जाने से उनके प्रशंसक और कोरियाई फिल्म इंडस्ट्री गहरे सदमे में है।
जूस थूकने वाले सीन से वायरल हुए थे पार्क
साल 2012 के ड्रामा 'आई लव यू आई एम सॉरी' में जूस थूकने वाला उनका एक सीन इंटरनेट पर खूब वायरल हुआ था, जिसने उन्हें काफी पहचान दिलाई। उन्होंने अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत 1998 की फिल्म 'शिरी' से की थी। इसके बाद वह 'वल्कैनो हाई' और कई मशहूर ड्रामाज में भी दिखे।
शुक्रवार को ऐनसोंग में होगा अंतिम संस्कार
उनका अंतिम संस्कार शुक्रवार को होगा। ऐनसोंग सिविक फ्यूनरल हॉल में उनका जागरण रखा गया है। पार्क अपने पीछे पत्नी, एक्ट्रेस ली सांग-यी और एक बेटी छोड़ गए हैं। उनकी बेटी को जन्म से ही दिल की बीमारी थी और हाल ही में उसकी सर्जरी हुई थी। यह उनके परिवार के लिए बेहद मुश्किल समय है।