'मासूम 2': 43 साल बाद शेखर कपूर की फिल्म में वापसी कर रहे जुगल हंसराज
क्या है खबर?
निर्देशक शेखर कपूर अपनी 1983 की फिल्म 'मासूम' को 'मासूम: द नेक्स्ट जनरेशन' के जरिए नए अंदाज में वापस ला रहे हैं। जहां नसीरुद्दीन शाह और शबाना आजमी पहले ही अपने पुराने किरदारों में लौटने के लिए तैयार हैं, वहीं अब इस प्रोजेक्ट से एक और खास नाम जुड़ गया है। मूल फिल्म में राहुल (नसीरुद्दीन शाह के बेटे) का यादगार किरदार निभाने वाले अभिनेता जुगल हंसराज भी इस सीक्वल में नजर आएंगे।
सूत्र
जुगल हंसराज की बड़ी एंट्री
हिन्दुस्तान टाइम्स के मुताबिक, जुगल हंसराज ने बाल कलाकार के रूप में उर्मिला मातोंडकर के साथ फिल्म 'मासूम' से अपने अभिनय करियर की शुरुआत की थी।
उन्होंने मासूम 'राहुल' का किरदार निभाया था, जिसके परिवार में आते ही पूरे घर के समीकरण बदल जाते हैं। अब इस फिल्म के रिलीज होने के 40 साल से भी अधिक समय बाद, जुगल हंसराज अपने पहले निर्देशक शेखर कपूर, नसीरुद्दीन शाह और शबाना आजमी के साथ फिर से काम करने जा रहे हैं।
बयान
'मासूम 2' पर भावुक हुए शेखर कपूर
इस सहयोग के बारे में बात करते हुए शेखर कपूर कहते हैं, "घर वापस आने में एक बहुत ही खूबसूरत एहसास छिपा होता है। किसी जगह पर नहीं, बल्कि एक ऐसी कहानी के पास, जो दशकों से लोगों के दिलों में जिंदा है। जब हमने 'मासूम' बनाई थी, तब जुगल बहुत छोटा बच्चा था। आज एक मंझे हुए और सफल अभिनेता के रूप में उसका वापस स्वागत करना भावुक करने वाला और दिल को तसल्ली देने वाला है।"
जज्बात
"न्यूयॉर्क में भी लोग याद दिलाते हैं 'लकड़ी की काठी"
शेखर बोले, "नसीर-शबाना के साथ जुगल को दोबारा लाना दिखाता है कि कुछ रिश्ते सिनेमा से परे होते हैं। उम्मीद है दर्शकों को 'मासूम' जैसी सादगी और सच्चाई फिर महसूस होगी।"
उधर शेखर का फोन आने पर खुश हुए जुगल ने कहा, "मासूम' हमेशा मेरी पहचान रही है। 40 साल बाद भी न्यूयॉर्क तक में लोग रोककर बताते हैं कि उनके बच्चे 'लकड़ी की काठी' सुनते हैं। इस परिवार का हिस्सा बनना जिंदगी का एक चक्र पूरा होने जैसा है।"
मासूम 2
बदलते पारिवारिक रिश्तों की नई कहानी होगी 'मासूम 2'
'मासूम: द नेक्स्ट जनरेशन' 1983 की फिल्म 'मासूम' का एक आध्यात्मिक सीक्वल है, जो पीढ़ियों के साथ बदलते पारिवारिक समीकरणों, पहचान और रिश्तों को गहराई से टटोलेगा।
नसीरुद्दीन शाह, शबाना आजमी और जुगल हंसराज के अलावा इस फिल्म में मनोज बाजपेयी, नित्या मेनन और शेखर कपूर की बेटी कावेरी कपूर जैसे कलाकारों की एक मजबूत सितारों की टोली नजर आएगी।
इस खास प्रोजेक्ट के संगीत और सह-निर्माण की जिम्मेदारी दिग्गज संगीतकार एआर रहमान ने संभाली है।