अमेजन का AI शो छोड़ निर्देशक जॉर्ज गुतिरेज बोले- कथनी से ज्यादा करनी मायने रखती है
'द बुक ऑफ लाइफ' फिल्म बनाने वाले हॉलीवुड के एक मशहूर एनिमेशन फिल्म डायरेक्टर, राइटर और एनिमेटर जॉर्ज गुतिरेज अब अमेजन के नए AI शो 'पंकी डक' में काम नहीं करेंगे, उन्होंने इस प्रोजेक्ट को छोड़ दिया है। सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी देते हुए उन्होंने लोगों से माफी मांगी और कहा कि कहने से ज्यादा करके दिखाना जरूरी होता है।
'पंकी डक' की कहानी और AI का विरोध
इस शो में एक पंकी डक और स्माइली कैट की कहानी थी, जो एलियंस के कब्जे वाले और अराजक लॉस एंजिल्स शहर में तूफानी एडवेंचर्स पर निकलते। गुतिरेज का ये कदम AI-आधारित शो को लेकर बढ़ते विरोध के चलते सामने आया है।
हाल ही में 'गुड एडवाइस कपकेक्स' की निर्माता लोरिन ब्रेंट ने एक बड़ा आरोप लगाया था। उनका कहना था कि बजफीड स्टूडियोज ने बिना उनकी मर्जी के उनके कार्टून कैरेक्टर का इस्तेमाल किया और अमेजन के साथ मिलकर उस पर एक नया AI शो बना डाला। लोगों को जब इस बारे में पता चला तो उन्होंने इसका काफी विरोध किया।
जनता का ये गुस्सा देखकर मशहूर निर्देशक जॉर्ज गुतिरेज ने तुरंत इस AI प्रोजेक्ट से अपना नाम वापस ले लिया और इसे छोड़ दिया। इसके साथ ही उन्होंने मुश्किल वक्त में साथ देने के लिए अपने फैंस को धन्यवाद भी कहा।