'जिगरा' से 'विक्की विद्या का वो वाला वीडियो' तक, अक्टूबर में रिलीज हो रहीं ये फिल्में
क्या है खबर?
इन दिनों सिनेमाघरों में जूनियर एनटीआर की फिल्म 'देवरा' का जलवा देखने को मिल रहा है। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बढ़िया कमाई कर रही है।
इससे पहले आई फिल्म 'स्त्री 2' ने बॉक्स ऑफिस पर जमकर कमाई की थी।
बहरहाल, अक्टूबर का महीना शुरू हो गया है और इस माह भी कई ऐसी फिल्में दर्शकों के बीच आने वाली हैं, जिनका इंतजार बड़ी बेसब्री से किया जा रहा है।
आइए जानते हैं कौन-सी फिल्म कब रिलीज हो रही है।
#1
'जिगरा'
'जिगरा' का निर्देशन वसन बाला ने किया है। फिल्म की हीरोइन आलिया भट्ट हैं। वह इसमें सिर्फ अभिनय ही नहीं कर रही हैं, बल्कि इसकी सह-निर्माता भी हैं। उन्होंने करण जौहर के साथ मिलकर फिल्म का निर्माण किया है।
अभिनेता वेदांग रैना फिल्म में आलिया के भाई बने हैं। फिल्म में दिखाया जाएगा कि कैसे एक बहन अपने भाई पर मुसीबत पड़ने पर हथियार उठा लेती है।
यह फिल्म 11 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है।
#2
'विक्की विद्या का वो वाला वीडियो'
फिल्म 'विक्की विद्या का वो वाला वीडियो' में राजकुमार राव और तृप्ति डिमरी पहली बार साथ आ रहे हैं।s
इस फिल्म में विजय राज, मल्लिका शेरावत, मस्त अली, अर्चना पूरन सिंह, मुकेश तिवारी, अर्चना पटेल, राकेश बेदी, टीकू तलसानिया और अश्विनी कलसेकर भी हैं।
उधर निर्देशन की बागडोर 'ड्रीम गर्ल' और 'ड्रीम गर्ल 2' के निर्देशक रहे राज शांडिल्य ने संभाली है।
11 अक्टूबर को यह फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
#3
'वेट्टैयन'
साउथ की फिल्म 'वेट्टैयन' का इंतजार भी दर्शकों को बेसब्री से है। यह फिल्म इसलिए खास है, क्योंकि इसके जरिए रजनीकांत और अमिताभ बच्चन 33 साल बाद पर्दे पर साथ वापसी कर रहे हैं।
फिल्म में फहद फासिल, राणा दग्गुबाती और मंजू वारियर जैसे कलाकार भी अहम भूमिका निभा रहे हैं। इसमें अमिताभ और रजनीकांत के किरदार आमने-सामने होंगे।
यह फिल्म 10 अक्टूबर को सिनेमाघरों में आएगी। इसे तमिल और तेलुगु के अलावा हिंदी में भी रिलीज किया जाएगा।
#4
'CTRL'
'CTRL' इस पर केंद्रित है कि कैसे एक AI ऐप किसी व्यक्ति के जीवन से किसी व्यक्ति को मिटा सकता है। इसमें अनन्या पांडे, विहान समत और देविका वत्स महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं।
कंप्यूटर में 'कंट्रोल' की कमांड देने वाले 'CTRL' बटन से इस फिल्म का नाम बना है। इसमें अनन्या के किरदार का नाम नेला है, जो आज के जामने की लड़की है।
विक्रमादित्य मोटवाने फिल्म के निर्देशक हैं।
यह फिल्म 4 अक्टूबर को नेटफ्लिक्स पर आ रही है।
जानकारी
हिमेश रेशमिया की फिल्म
अक्टूबर में मशहूर गायक हिमेश रेशमिया की फिल्म भी आ रही है। लंबे वक्त बाद वह नई फिल्म लेकर आ रहे हैं। उनकी एक्शन थ्रिलर फिल्म 'बैडएस रवि कुमार' काफी वक्त से चर्चा में थी। अब यह फिल्म 11 अक्टूबर को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।