सिंगर जेसिका कॉर्निश ने कैंसर को चटाई धूल, अस्पताल से दी भावुक खबर
सिंगर जेसिका कॉर्निश ने आखिरकार ब्रेस्ट कैंसर से अपनी लंबी जंग जीत ली है। उन्होंने अस्पताल से एक बेहद भावुक वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया है।
इस वीडियो में जेसिका ने बताया कि बीते एक साल से वे घंटों रोती रहती थीं, लेकिन अब जाकर उन्हें पहली बार चैन की सांस मिली है। उनके इस अपडेट में राहत और आभार साफ झलक रहा है।
जेसिका को कब हुआ था कैंसर
जून 2025 में जब जेसिका को अपने ब्रेस्ट कैंसर का पता चला, तब उन्होंने अपने 'नो सीक्रेट्स' टूर के कुछ कार्यक्रम स्थगित कर दिए थे, लेकिन उन्होंने सिर्फ एक महीने में ही सर्जरी के बाद रिकवर कर लिया और फिर से मंच पर लौट आईं।
यह वापसी उनके लिए और भी खास थी, क्योंकि उनके दो साल के बेटे ने पहली बार उन्हें मंच पर लाइव परफॉर्म करते देखा।
जेसिका ने अपनी इस हिम्मत भरी यात्रा को अपने गाने 'लिविंग माय बेस्ट लाइफ' से जोड़ा। उन्होंने कहा कि ज़िंदगी का मतलब है, मुश्किलों के तूफान में भी छाता पकड़े रहना और लगातार आगे बढ़ते रहना। उनकी इस ईमानदारी और दृढ़ संकल्प ने दुनिया भर के उनके प्रशंसकों को बहुत प्रेरित किया है।