जैस्मिन भसीन का किस पर फूटा गुस्सा? बोलीं- जीने दो, हर दिन बेहतर दिखना जरूरी नहीं
क्या है खबर?
टीवी अभिनेत्री जैस्मिन भसीन सोशल मीडिया पर अपनी कुछ तस्वीरों को लेकर चर्चा में आ गई हैं। कई यूजर्स ने उनके चेहरे में बदलाव होने का जिक्र किया और अटकलें लगानी शुरू कर दीं कि शायद उन्होंने कॉस्मेटिक सर्जरी करवाई है। लगातार हो रही आलोचनाओं के बाद, जैस्मिन ने ट्रोलर्स को मुंहतोड़ जवाब देने के लिए इंस्टाग्राम का सहारा लिया। अपनी पोस्ट में अभिनेत्री ने स्पष्ट किया कि कई रोजमर्रा की वजहों के चलते चेहरे में बदलाव दिख सकता है।
जवाब
जैस्मिन ने अपने लुक में आए बदलावों का कारण बताया
उन्होंने इंस्टाग्राम पर लिखा, 'तो जाहिर है, हर बार जब मेरा चेहरा थोड़ा अलग होता है, तो मैंने नई प्लास्टिक सर्जरी करवाई है। दोस्तों, रिलैक्स करो। मैं ट्रैवल करती हूं, ठीक से सो नहीं पाती, अलग-अलग मेकअप आर्टिस्ट के साथ काम करती हूं, मेरे साइनस में सूजन आ जाती है, थक जाती हूं, मैंने स्ट्रेंथ ट्रेनिंग शुरू कर दी है, मेरा थोड़ा वजन बढ़ गया है।'
अभिनेत्री ने कहा कि प्लास्टिक सर्जरी कराने के लिए भी समय चाहिए होता है।
इजाजत
जैस्मिन बोलीं- मैं भी एक इंसान हूं
जैस्मिन ने बताया कि वह भी इंसान हैं और उनका शरीर भी खून, मांस, मसल्स और हड्डियों से बना है, इसलिए उन्हें अलग-अलग दिनों में अलग दिखने की इजाजत है।
उन्होंने लिखा, 'मुझे अपना चेहरा पसंद है। मुझे अपना शरीर पसंद है। मुझे खुद से प्यार है। मैं जैसी दिखती हूं, उससे खुश रहने के लिए मुझे हर दिन परफेक्ट दिखने की जरूरत नहीं है।'
आखिर में जैस्मिन ने ट्रोलर्स से कहा कि उन्हें सांस लेने दो।