Page Loader
जाह्नवी कपूर से यामी गौतम तक, इन अभिनेत्रियों ने सेना की वर्दी में दिखाया दमखम
इन अभिनेत्रियों ने सैन्य वर्दी में दिखाया दम (तस्वीर: इंस्टाग्राम/@janhvikapoor)

जाह्नवी कपूर से यामी गौतम तक, इन अभिनेत्रियों ने सेना की वर्दी में दिखाया दमखम

May 07, 2025
04:53 pm

क्या है खबर?

22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलागाम में पर्यटकों पर हुए आतंकी हमले का मुंहतोड़ जवाब देते हुए भारत ने बुधवार तड़के पाकिस्तान और पाक अधिकृत कश्मीर (PoK) में 'ऑपरेशन सिंदूर' के तहत मिसाइल हमले किए। भारत के इस साहसिक कदम से बॉलीवुड सितारे भी गदगद हैं। इसी कड़ी में आइए जानें उन अभिनेत्रियों के बारे में, जिन्होंने पर्दे पर सेना की वर्दी पहनकर अपने दमदार अभिनय से फिल्मों और वेब सीरीज में जान डाल दी।

#1

जाह्नवी कपूर

जाह्नवी कपूर की फिल्म 'गुंजन सक्सेना: द कारगिल गर्ल' को काफी पसंद किया गया था। यह फिल्म 12 अगस्त, 2020 को OTT प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई थी। फिल्म में जाह्नवी ने फ्लाइट लेफ्टिनेंट गुंजन सक्सेना का किरदार निभाया था, जो भारत की पहली महिला लड़ाकू पायलटों में से एक थीं। उन्होंने कारगिल युद्ध के दौरान महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। शरण शर्मा के निर्देशन में बनी इस फिल्म में पंकज त्रिपाठी और अंगद बेदी ने भी अहम भूमिका निभाई थी।

#2

यामी गौतम

साल 2019 में रिलीज हुई आदित्य धर के निर्देशन में बनी फिल्म 'उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक' ने बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा दिया था। इसमें विक्की कौशल और यामी गौतम ने मुख्य भूमिका निभाई थी। फिल्म में यामी ने पल्लवी शर्मा का किरदार निभाया है, जो एक खुफिया अधिकारी हैं। उन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक की योजना बनाने में सहायता करती हैं। फिल्म में यामी के काम को काफी पसंद किया गया था। इस फिल्म को आप ZEE5 पर देख सकते हैं।

#3

सामंथा रुथ प्रभु

अभिनेत्री सामंथा रुथ प्रभु ने मनोज बाजपेयी की वेब सीरीज 'द फैमिली मैन 2' में राजी लक्ष्मी का किरदार निभाया था, जो एक तमिल ईलम विद्रोही थी। उसने श्रीलंका में तमिलों पर हुए अत्याचारों की प्रतिशोध की भावना से प्रेरित होकर भारत में एक बड़ा आतंकवादी हमला करने की योजना बनाई थी। यह वेब सीरीज अमेजन प्राइम वीडियो पर उपलब्ध है। बता दें कि 'द फैमिली मैन' के तीसरे सीजन पर पहले ही काम शुरू हो चुका है।

#4

डायना पेंटी

जॉन अब्राहम की फिल्म 'परमाणु: द स्टोरी ऑफ पोखरण' में डायना पेंटी भी मुख्य भूमिका में नजर आई थीं। अभिषेक शर्मा के निर्देशन में बनी इस फिल्म में डायना ने कैप्टन अंबालिका बंद्योपाध्याय की भूमिका निभाई है, जो भारतीय खुफिया एजेंसी की एक अधिकारी हैं। यह फिल्म भारतीय सेना द्वारा 1998 में पोखरण में किए गए परमाणु परीक्षणों पर आधारित है, जिसमें अंबालिका ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। फिल्म 'परमाणु: द स्टोरी ऑफ पोखरण' ZEE5 पर उपलब्ध है।

#5

निमरत कौर

वेब सीरीज 'द टेस्ट केस' में निमरत कौर ने कैप्टन शिखा शर्मा का किरदार निभाया था, जो भारतीय सेना में लड़ाकू भूमिका में शामिल होने की तैयारी करने वाली पहली महिला थी। एकता कपूर ने इसका निर्माण किया था। इस सीरीज में निमरत के साथ अतुल कुलकर्णी, राहुल देव, जुही चावला, अनुप सोनी और अक्षय ओबेरॉय ने भी अपनी अदाकारी का तड़का लगाया था। बता दें कि इस सीरीज को आप ऑल्ट बालाजी पर देख सकते हैं।