LOADING...
जाह्नवी कपूर का खुलासा- अश्लील वेबसाइट पर देखीं अपनी फर्जी तस्वीरें, स्कूल में उड़ा था मजाक
जाह्नवी कपूर का दर्दनाक खुलासा (तस्वीर: इंस्टाग्राम/@janhvikapoor)

जाह्नवी कपूर का खुलासा- अश्लील वेबसाइट पर देखीं अपनी फर्जी तस्वीरें, स्कूल में उड़ा था मजाक

Apr 05, 2026
12:41 pm

क्या है खबर?

अभिनेत्री जाह्नवी कपूर ने अपने स्कूल के दिनों का एक बेहद डरावना और कड़वा अनुभव साझा किया है। जाह्नवी ने खुलासा किया कि कैसे स्कूल के दिलों में उनकी तस्वीरों के साथ छेड़छाड़ करके उन्हें आपत्तिजनक वेबसाइटों पर डाल दिया गया था। इस घटना ने उन्हें मानसिक रूप से गहरा आघात पहुंचाया था और स्कूल में उन्हें बड़ी शर्मिंदगी का सामना करना पड़ा था। आइए जानें जाह्नवी ने इस कठिन दौर के बारे में और क्या कुछ कहा है।

खुलासा

"IT क्लास में देखी थी अपनी अश्लील तस्वीरें"

राज शमानी के पॉडकास्ट पर बातचीत के दौरान जाह्नवी ने अपने स्कूल के दिनों के उस खौफनाक पल को याद किया, जब उन्होंने पहली बार अपनी छेड़छाड़ की गई तस्वीरें देखी थीं। जाह्नवी ने बताया, "मुझे नहीं पता कि वो डीपफेक था या नहीं, लेकिन वो कुछ वैसा ही था। मैंने एक अश्लील वेबसाइट पर अपनी एक तस्वीर देखी।" जाह्नवी कपूर ने खुलासा किया कि ये घटना उनके स्कूल के दिनों में IT क्लास के दौरान हुई थी।

अहसास

जाह्नवी बोलीं- यही वो कीमत है, जो चुकानी पड़ती है

जाह्नवी ने उस असहज माहौल का जिक्र कर बताया, "हमारे स्कूल में IT क्लास हुआ करती थी और लड़के मनोरंजन के लिए अक्सर ऐसी वेबसाइट्स खोल लेते थे। मेरी तस्वीरें उन्हीं साइट्स पर थीं। ये तब हुआ, जब मैं स्कूल में ही थी, जो मेरे लिए एक बेहद डरावना अनुभव था।" जाह्नवी ने इसे तर्कसंगत बनाने की कोशिश की। उन्होंने भावुक होते हुए कहा, "एक समय पर मुझे लगा कि शायद यही वो कीमत है, जो आपको चुकानी पड़ती है।"

Advertisement

आहत

AI से बनी नकली तस्वीरों से परेशान जाह्नवी

जाह्नवी ने कहा कि वो सोशल मीडिया की अनियंत्रित दुनिया से शांति में नहीं हैं। उन्होंने बताया कि आज भी उनके नाम पर AI से बनी फेक तस्वीरें और वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिन्हें कई बार न्यूज पेज शेयर कर देते हैं। इन तस्वीरों में उन्हें ऐसे कपड़ों और पोज़ में दिखाया जाता है जो उन्होंने कभी नहीं पहने। उनके मुताबिक, सोशल मीडिया पर नैतिकता खत्म हो चुकी है और ये साइबर दुर्व्यवहार उन्हें आज भी आहत करता है।

Advertisement

वर्कफ्रंट

अब 'पेड्डी' में नजर आएंगी जाह्नवी

काम के मोर्चे पर बात करें तो जाह्नवी कपूर को आखिरी बार शशांक खेतान द्वारा निर्देशित फिल्म 'सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी' में देखा गया था। इस फिल्म में जाह्नवी के साथ वरुण धवन, सान्या मल्होत्रा और रोहित सराफ मुख्य भूमिकाओं में नजर आए थे। अब जल्द ही उन्हें साउथ के सुपरस्टार राम चरण के साथ पैन इंडिया फिल्म 'पेड्डी' में देखा जाएगा। ये देवरा के बाद उनकी दूसरी दक्षिण भारतीय फिल्म होगी।

Advertisement