जाह्नवी कपूर अपने AI वीडियो पर भड़कीं- घोर उल्लंघन, ये यौन उत्पीड़न जैसा है
जाह्नवी कपूर ने हाल ही में अपने एक AI से एडिट किए गए वीडियो पर बात की है। ये वीडियो उनकी फिल्म 'देवरा: पार्ट 1' के गाने 'चुट्टामल्ले' से लिया गया है। जाह्नवी ने इस क्लिप को बेहद आपत्तिजनक बताते हुए कहा कि ये यौन उत्पीड़न जैसा है। उन्होंने कहा कि बिना सहमति के महिलाओं को तकनीक के जरिए एक वस्तु की तरह दिखाना गंभीर समस्या है। उनके मुताबिक, इंटरनेट हो या असल जिंदगी, महिलाओं की निजी सीमाओं का सम्मान करना जरूरी है।
AI वीडियो विवाद पर जाह्नवी ने जूनियर एनटीआर को कहा शुक्रिया
जाह्नवी ने जूनियर एनटीआर का खासतौर पर शुक्रिया अदा किया। जूनियर एनटीआर ने इस वीडियो को ‘घिनौना, बीमार मानसिकता वाला और बेशर्म’ बताया था और इसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की थी। इसके अलावा जाह्नवी ने चिरंजीवी, विजय देवरकोंडा और खुशबू सुंदर की भी तारीफ की, जिन्होंने AI के गलत इस्तेमाल के खिलाफ खुलकर आवाज उठाई। जाह्नवी ने कहा कि हमें असल जिंदगी और डिजिटल दुनिया, दोनों जगह महिलाओं के अधिकारों और सम्मान की रक्षा पर गंभीरता से सोचना चाहिए। तकनीक के गलत इस्तेमाल के लिए जिम्मेदार लोगों को जवाबदेह ठहराना भी जरूरी है।